गढ़फुलझर बनेगा आस्था और सद्भाव का प्रमुख केंद्र : मुख्यमंत्री
नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा, अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान भी बनेंगे
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महासमुंद जिले के बसना विकासखंड स्थित गढ़फुलझर गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़ा छत्तीसगढ़ का महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थल है। इस धरोहर को आस्था, सेवा, अध्यात्म और सामाजिक समरसता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए संकल्पित है। गढ़फुलझर का विकास इस तरह किया जाएगा कि आने वाली पीढ़ियां भी यहां से श्रद्धा, भाईचारे और एकता की प्रेरणा प्राप्त कर सकें।
मुख्यमंत्री आज गढ़फुलझर स्थित ऐतिहासिक नानकसागर साहिब गुरुद्वारे में सिख समाज द्वारा आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि के लिए अरदास की तथा शबद कीर्तन का श्रवण किया।
पांच शताब्दी पुरानी विरासत का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव का विषय है कि प्रथम सिख गुरु गुरु नानक देव जी महाराज के पावन चरण इस धरती पर पड़े थे। लगभग 500 वर्ष पहले उनके गढ़फुलझर आगमन की स्मृतियां आज भी इस क्षेत्र की पहचान और आध्यात्मिक महत्व से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने तत्कालीन राजा भैंना द्वारा गुरु नानक देव जी के सम्मान में पांच एकड़ भूमि दान किए जाने के ऐतिहासिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना क्षेत्र की उदारता, श्रद्धा और सामाजिक सद्भाव की परंपरा को प्रदर्शित करती है।
उन्होंने कहा कि गढ़फुलझर किसी एक समुदाय का धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि विभिन्न समाजों की साझा आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। सिख, कोलता और आदिवासी समाज सहित अनेक समुदायों की भावनाएं इस स्थान से जुड़ी हैं। इसलिए यहां बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करते हुए समग्र विकास किया जाएगा, ताकि यह स्थल आध्यात्मिक शांति के साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दे सके।
नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये मंजूर करने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान का निर्माण कराने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं के विकसित होने से स्थानीय नागरिकों को सामाजिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होंगे। साथ ही गढ़फुलझर को धार्मिक पर्यटन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में नई पहचान मिलेगी।
गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी मानवता के लिए प्रासंगिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरी दुनिया को प्रेम, करुणा, समानता, मेहनत और सेवा का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती हैं। ‘सरबत दा भला’ का सिद्धांत हमें सभी के सुख, शांति और समृद्धि के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने सिख समाज की सेवा और परोपकार की भावना की सराहना करते हुए कहा कि गुरुद्वारों में संचालित लंगर व्यवस्था सामाजिक समानता और भाईचारे का उत्कृष्ट उदाहरण है। यहां जाति, धर्म, आर्थिक स्थिति अथवा ऊंच-नीच का कोई भेदभाव नहीं होता और सभी लोग एक साथ पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यह परंपरा गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को व्यवहार में उतारने का माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश में आपसी सद्भाव, शांति एवं खुशहाली बनी रहे।
गढ़फुलझर को मिलेगी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान : संपत अग्रवाल
कार्यक्रम में बसना विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि गढ़फुलझर का इतिहास छत्तीसगढ़ की गौरवशाली धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। छत्तीसगढ़ जहां भगवान श्रीराम के ननिहाल के रूप में प्रसिद्ध है, वहीं गुरु नानक देव जी की स्मृतियों से जुड़ा गढ़फुलझर भी प्रदेश की आध्यात्मिक विरासत को विशिष्ट पहचान देता है।
उन्होंने कहा कि करीब पांच सौ वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी का इस क्षेत्र में आगमन और प्रवास इस स्थल के महत्व को और बढ़ाता है। मुख्यमंत्री द्वारा की गई विकास संबंधी घोषणाओं से नानकसागर और गढ़फुलझर के विकास को गति मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ इस ऐतिहासिक धरोहर को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिल सकेगी।
समारोह में जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज और अन्य समुदायों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
