21 क्विंटल तक धान की अंतर राशि से लाभान्वित होंगे किसान : मुख्यमंत्री

कम उत्पादन करने वाले किसानों को भी मिलेगा आर्थिक लाभ, धान खरीदी व्यवस्था को सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने पर जोर

रायपुर, 27 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार फैसले ले रही है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ धान खरीदी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में सरकार ने इस वर्ष महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि देने का प्रावधान किया है। इससे कम उत्पादन वाले किसानों को भी आर्थिक सहायता का लाभ मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने आज पत्रकारों से चर्चा के दौरान धान खरीदी और किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों को उनकी उपज के बदले जिस स्तर पर आर्थिक लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है, वह देश के अन्य राज्यों की तुलना में विशेष है। सरकार का उद्देश्य किसानों की मेहनत का सम्मान करना और उन्हें अधिकतम आर्थिक लाभ पहुंचाना है। धान खरीदी केंद्रों में किसानों को असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया सहज तरीके से संपन्न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है।

कम उत्पादन वाले किसानों को भी मिलेगा 21 क्विंटल तक का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में खेती की परिस्थितियां एक जैसी नहीं हैं। मिट्टी, सिंचाई और अन्य स्थानीय परिस्थितियों के कारण प्रति एकड़ धान का उत्पादन अलग-अलग होता है। ऐसे में जिन किसानों का उत्पादन 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम है, उन्हें इस अंतर के कारण आर्थिक लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने तय किया है कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ की निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि संबंधित किसानों के बैंक खातों में दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से आते हैं और खेती-किसानी की चुनौतियों को समझते हैं। सरकार की मंशा है कि कम उत्पादन होने की स्थिति में भी किसी किसान को घोषित आर्थिक लाभ से वंचित न होना पड़े। यह निर्णय किसानों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

किसानों की समृद्धि से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार किसानों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। खेती को लाभकारी बनाना, किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल देना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि किसानों का हित सरकार के लिए सर्वोपरि है। धान खरीदी, आर्थिक सहायता और कृषि सुविधाओं के विस्तार से जुड़े प्रत्येक निर्णय में किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखा जा रहा है। अन्नदाता किसानों की आर्थिक खुशहाली ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का मजबूत आधार है।