4.16 लाख से अधिक पंजीयन के साथ सरगुजा ओलंपिक का आगाज

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया संभाग स्तरीय खेल महोत्सव का शुभारंभ, सरगुजा में खेल अकादमी खोलने की घोषणा

अंबिकापुर। सरगुजा की खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का भव्य शुभारंभ हुआ। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में ‘खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू’ के संदेश के साथ प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस आयोजन में खिलाड़ियों का उत्साह और भागीदारी देखने को मिली। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक प्रबोध मिंज और रामकुमार टोप्पो भी शुभारंभ समारोह में शामिल हुए।

4.16 लाख से अधिक युवाओं ने कराया पंजीयन

समारोह को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक का उद्देश्य केवल खेल प्रतिभाओं को सामने लाना नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच विकसित करना भी है। इस वर्ष प्रतियोगिता के लिए 4 लाख 16 हजार 813 युवाओं ने पंजीयन कराया है। यह आंकड़ा क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ती दिलचस्पी और जागरूकता को दर्शाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरगुजा की प्रतिभाएं अब खेल के माध्यम से अपनी अलग पहचान बना रही हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के माध्यम से प्रदेश में खेल विकास की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जिसने हॉकी लीग आयोजित की है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। वहीं खेल अधोसंरचना और स्पोर्ट्स साइंस के विकास के लिए 250 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले खिलाड़ियों को भी आधुनिक खेल सुविधाएं तथा अपनी प्रतिभा निखारने के समान अवसर मिलें।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी

अरुण साव ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। खेलो इंडिया जैसी योजनाएं भी उभरती प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में मददगार साबित हो रही हैं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप खेलों के क्षेत्र में भी अधोसंरचना और प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

सरगुजा में जल्द शुरू होगी खेल अकादमी

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल का मैदान व्यक्ति को केवल शारीरिक रूप से मजबूत नहीं बनाता, बल्कि उसमें अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और सम्मान की भावना भी विकसित करता है। खेलों से मिलने वाली सीख जीवन के हर क्षेत्र में काम आती है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने और मैदान में मेहनत करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने सरगुजा में जल्द ही खेल अकादमी शुरू करने की घोषणा की। इससे क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर मिल सकेंगे।

ओलंपिक के शुभारंभ अवसर पर जशपुर और बलरामपुर की टीमों के बीच रस्साकसी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। दोनों टीमों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दर्शकों में खासा उत्साह पैदा किया।

ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का मंच : राजेश अग्रवाल

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों और युवाओं की खेल उपलब्धियां पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय हैं। गांव के मैदानों से शुरू होने वाला खेल का सफर खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की क्षमता रखता है। सरगुजा में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से उन्हें अपनी योग्यता प्रदर्शित करने और भविष्य के लिए नई दिशा हासिल करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की अपील की।

कार्यक्रम को विधायक प्रबोध मिंज ने भी संबोधित किया। समारोह में जिला पंचायत सरगुजा की अध्यक्ष निरूपा सिंह, उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, अंबिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत और सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोमा श्रीवास्तव सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद थे।