बालोद में प्रभारी सचिव का दौरा, धान खरीदी केंद्रों और आश्रम छात्रावास का किया निरीक्षण
धान खरीदी केंद्रों में किसानों से जाना व्यवस्थाओं का हाल
प्रभारी सचिव ने मिर्रिटोला और हितेकसा धान खरीदी केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, खरीदी की व्यवस्था और केंद्रों में किए गए इंतजामों की जानकारी ली। साथ ही किसानों से सीधे बातचीत कर धान बेचने के दौरान आने वाली समस्याओं, उनके सुझावों और अनुभवों के बारे में जाना।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी की प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित रहे तथा किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के उपार्जन केंद्रों में की गई तैयारियों, बारदाने की उपलब्धता और खरीदे गए धान के सुरक्षित रखरखाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया और पारदर्शी तौल सहित जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
कृषि उपज मंडी में सुविधाओं और गतिविधियों की समीक्षा
प्रभारी सचिव ने कृषि उपज मंडी मुजगहन का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से मंडी की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए कृषि एवं किसान कल्याण से संबंधित सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर चर्चा की। उन्होंने किसानों को शासकीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
आश्रम छात्रावास में बच्चों से की बातचीत
दौरे के दौरान यादव ने वनांचल क्षेत्र के आदिवासी आश्रम छात्रावास बड़भूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। यहां रहकर पढ़ाई कर रहे बच्चों से बातचीत कर उनकी शिक्षा, दिनचर्या और आवासीय सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
बच्चों से सहज संवाद के दौरान उन्होंने उनकी पढ़ाई और छात्रावास के अनुभवों को समझा। उन्होंने छात्रावास में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने तथा बच्चों को पढ़ाई के लिए जरूरी सुविधाएं और अनुकूल परिस्थितियां उपलब्ध कराने के महत्व पर बल दिया।
हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
प्रभारी सचिव का यह दौरा जिले में शासकीय योजनाओं और व्यवस्थाओं के वास्तविक क्रियान्वयन की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। धान खरीदी केंद्रों में किसानों से सीधा संवाद और आदिवासी आश्रम छात्रावास में बच्चों से मुलाकात कर उन्होंने ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति जानी। उन्होंने योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और आम नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं में निरंतर सुधार को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
