लोकभवन में संविधान दिवस पर प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
कार्यक्रम में राज्यपाल की उप सचिव निधि साहू सहित सचिवालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने संविधान की उद्देशिका का पाठ करते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।
संविधान की प्रस्तावना के मूल आदर्श
भारतीय संविधान की प्रस्तावना देश की शासन व्यवस्था, लोकतांत्रिक स्वरूप और संवैधानिक उद्देश्यों का सार प्रस्तुत करती है। इसकी शुरुआत ‘हम, भारत के लोग’ शब्दों से होती है, जो यह स्पष्ट करती है कि संविधान की सर्वोच्च शक्ति देश की जनता में निहित है।
प्रस्तावना में भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समानता सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया गया है।
इसके साथ ही प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए बंधुत्व की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया है। संविधान की प्रस्तावना देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और एक समतामूलक समाज के निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करती है।
