रायपुर में आज कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा मार्च, ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत होगा पैदल मार्च

गांधी मैदान से दोपहर 12 बजे शुरू होगी रैली, अंबेडकर चौक तक पहुंचेंगे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता; सुखदेव भगत और दीपक बैज होंगे शामिल

रायपुर। संविधान दिवस के अवसर पर आज 26 नवंबर को कांग्रेस राजधानी रायपुर में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। इस मार्च में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

कांग्रेस की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, संविधान रक्षा मार्च की शुरुआत दोपहर करीब 12 बजे गांधी मैदान से होगी। यहां कांग्रेस के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। इसके बाद सभी पैदल मार्च करते हुए अंबेडकर चौक पहुंचेंगे।

गांधी मैदान से अंबेडकर चौक तक निकलेगी रैली

कांग्रेस कार्यकर्ता संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संदेश लेकर गांधी मैदान से अंबेडकर चौक तक पैदल मार्च करेंगे। पार्टी ने इस आयोजन को ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान से जोड़ते हुए संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल बताया है।

इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों को भी न्योता

कांग्रेस ने इस मार्च में इंडिया गठबंधन के सहयोगी राजनीतिक दलों को भी शामिल होने का आमंत्रण दिया है। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों, गैर सरकारी संगठनों (NGO) और आम नागरिकों से भी मार्च में भागीदारी की अपील की गई है।

संविधान दिवस के मौके पर आयोजित इस मार्च के जरिए कांग्रेस प्रदेश में संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद करेगी।