छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता और वरिष्ठ लेखक कनक तिवारी का निधन, 86 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

लंबे समय से चल रहे थे बीमार, दुर्ग के निजी अस्पताल में चल रहा था इलाज; गांधीवादी चिंतक के रूप में थी देशभर में पहचान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व महाधिवक्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता, गांधीवादी चिंतक और प्रख्यात लेखक कनक तिवारी का निधन हो गया है। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बुधवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दुर्ग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से प्रदेश के राजनीतिक, सामाजिक, साहित्यिक और विधिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

26 जुलाई 1940 को जन्मे कनक तिवारी का व्यक्तित्व बहुआयामी था। वे वकील होने के साथ-साथ शिक्षक, पत्रकार, लेखक और बेबाक वक्ता के रूप में भी अपनी अलग पहचान रखते थे। गांधीवादी विचारधारा, भारतीय संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और आदिवासी अधिकारों से जुड़े विषयों पर उनका गहरा अध्ययन था।

प्रोफेसर से पत्रकार और फिर बने अधिवक्ता

कनक तिवारी ने अपने करियर की शुरुआत अंग्रेजी साहित्य के प्राध्यापक के रूप में की थी। करीब 8 से 9 वर्षों तक उन्होंने विभिन्न कॉलेजों में अध्यापन किया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा। वे पीटीआई, नवभारत टाइम्स, नवभारत और नागपुर टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे।

वर्ष 1971 में उन्होंने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से एलएलबी की परीक्षा स्वर्ण पदक के साथ उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने वकालत शुरू की और कानूनी क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।

मजदूर आंदोलन और शंकर गुहा नियोगी के मामलों से भी जुड़े रहे

कनक तिवारी छत्तीसगढ़ के चर्चित मजदूर नेता शंकर गुहा नियोगी से जुड़े कानूनी प्रसंगों में भी सक्रिय रहे। मजदूर अधिकारों, मानवाधिकार और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर वे लगातार अपनी आवाज उठाते रहे। उनकी पहचान केवल अदालत में कानूनी दलीलें रखने वाले अधिवक्ता तक सीमित नहीं थी, बल्कि वे सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर भी मुखर रहते थे।

छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता के रूप में निभाई जिम्मेदारी

दिसंबर 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार ने कनक तिवारी को छत्तीसगढ़ का महाधिवक्ता नियुक्त किया था। हालांकि जून 2019 में उन्हें इस पद से हटा दिया गया। उस समय उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपनी नियुक्ति समाप्त किए जाने पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि उन्होंने स्वयं इस्तीफा नहीं दिया था।

आदिवासी अधिकारों पर किया महत्वपूर्ण लेखन

कनक तिवारी ने आदिवासी समाज, उनके अधिकारों और सामाजिक चुनौतियों पर भी विस्तार से लिखा। उनकी चर्चित पुस्तक ‘आदिवासी उपेक्षा की अंतर्कथा: ब्रिटिश हुकूमत से 21वीं सदी तक’ का वर्ष 2021 में तत्कालीन राज्यपाल अनुसुईया उइके ने राजभवन में विमोचन किया था।

वे आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों के प्रबल समर्थक थे। उनके लेखन में आदिवासी समुदाय की समस्याओं, सांस्कृतिक पहचान और संवैधानिक अधिकारों को विशेष स्थान मिला।

गांधी, अंबेडकर, लोहिया और भगत सिंह के विचारों से थे प्रभावित

कनक तिवारी गांधी के अहिंसक विचारों से प्रभावित थे, लेकिन उनकी वैचारिक दृष्टि व्यापक थी। वे पंडित जवाहरलाल नेहरू, डॉ. भीमराव अंबेडकर, डॉ. राममनोहर लोहिया और शहीद भगत सिंह के विचारों का भी गहन अध्ययन करते थे।

‘संविधान और हम भारत के लोग’, ‘फिर से हिंद स्वराज’ और ‘बस्तर : लाल क्रांति बनाम ग्रीन हंट’ उनकी चर्चित पुस्तकों में शामिल हैं।

शिक्षा, पत्रकारिता, कानून और साहित्य में छोड़ी अमिट छाप

कनक तिवारी का जीवन शिक्षा, पत्रकारिता, वकालत और साहित्य को समर्पित रहा। उन्होंने अपने लेखन और विचारों के माध्यम से संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक समानता और जन अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया। उनके निधन से छत्तीसगढ़ ने एक प्रखर विचारक, वरिष्ठ विधिवेत्ता और संवेदनशील लेखक को खो दिया है।