मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने योजनाओं और विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश, धान खरीदी में रकबा संबंधी शिकायतों पर कलेक्टर खुद करेंगे जांच

पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, जल जीवन मिशन, सिटी गैस वितरण और सड़क परियोजनाओं को समय-सीमा में पूरा करने पर जोर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में संचालित प्रमुख शासकीय योजनाओं, विकास परियोजनाओं और नागरिक सेवाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने धान खरीदी के दौरान किसानों से प्राप्त रकबा कम होने संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी जिला कलेक्टरों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी शिकायतें मिलने पर कलेक्टर स्वयं जांच करें और उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सिटी गैस वितरण योजना में तेजी लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने खाद्य विभाग के अंतर्गत सिटी गैस वितरण योजना की समीक्षा करते हुए पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक गैस पहुंचाने के कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने रायपुर और बिलासपुर सहित अन्य जिलों में हो रहे कार्यों की सराहना की, वहीं कम प्रगति वाले जिलों के कलेक्टरों को विशेष रुचि लेकर योजना को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि एलपीजी की तुलना में पीएनजी के किफायती, सुरक्षित और उपयोगी होने की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाए। इसके साथ ही जनजातीय छात्रावासों, विद्यालयों की सामुदायिक रसोई, सर्किट हाउस और अन्य शासकीय संस्थानों में भी पीएनजी के उपयोग को बढ़ावा दिया जाए।

जल जीवन मिशन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। सभी कलेक्टर इस योजना की नियमित मासिक समीक्षा करें और निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा कराएं।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिन ठेकेदारों ने जल जीवन मिशन के कार्य पूरे कर लिए हैं, उनका भुगतान समय पर किया जाए। बेहतर कार्य करने वाले ठेकेदारों को प्रोत्साहित किया जाए तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने मिशन अमृत 2.0 के तहत नगरीय क्षेत्रों में जल प्रदाय योजनाओं और सीवेज परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने पर जोर दिया।

सड़क परियोजनाओं की वन स्वीकृतियों का जल्द करें निराकरण

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत वन स्वीकृति से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों को आगामी समीक्षा बैठक से पहले आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रस्ताव राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड को भेजकर नियमानुसार स्वीकृति प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश बंसल ने विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

700 औद्योगिक सुधारों के लाभ उद्यमियों तक पहुंचाएं

उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार ने बताया कि प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए 700 सुधारों को शामिल किया गया है। इनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी 25 विभागों को सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े लोगों को इन सुधारों की जानकारी दी जाए। साथ ही इनके प्रभावों और परिणामों का नियमित मूल्यांकन भी किया जाए, ताकि छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार हो सके।

सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन का करें व्यापक प्रचार

मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ लेने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

नागरिकों को घर बैठे सरकारी सेवाओं का लाभ मिले और उनकी समस्याओं का आसानी से समाधान हो, इसके लिए इन सुविधाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए।

टीएल बैठकों में योजनाओं की नियमित समीक्षा करें कलेक्टर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जिन जिलों में योजनाओं की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वहां के कलेक्टर विशेष ध्यान देकर समीक्षा करें। सभी महत्वपूर्ण मिशनों और योजनाओं को समय-सीमा (टीएल) की बैठकों में शामिल किया जाए, ताकि उनकी नियमित निगरानी हो सके।

उन्होंने अधिकारियों से पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ काम करने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रशासनिक तत्परता से शासन की योजनाओं का लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुंचेगा।

मुख्य सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

पारस पोर्टल की समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव विकासशील, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।