मतदाता सूची को लेकर बिलासपुर में सियासी घमासान, कांग्रेस का वोट रक्षक अभियान तो भाजपा ने 143 बूथों पर बनाई रणनीति

बिलासपुर। मतदाता सूची में नाम जोड़ने और गड़बड़ियों की जांच को लेकर बिलासपुर में कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। दोनों ही राजनीतिक दलों ने बूथ स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। कांग्रेस ने जहां वोट रक्षक अभियान शुरू कर एप लॉन्च किया है, वहीं भाजपा ने विधानसभा क्षेत्र के 143 बूथों पर बैठक कर घर-घर संपर्क की रणनीति तैयार की है।

कांग्रेस ने लॉन्च किया वोट रक्षक एप

जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) की बैठक में जिलाध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने वोट रक्षक एप लॉन्च किया। उन्होंने ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को एप डाउनलोड करने के निर्देश दिए। इसके माध्यम से मतदाता सूची में नामों की जांच की जाएगी। पात्र मतदाताओं के नाम छूटने या सूची में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सभी ब्लॉक, मंडल, पंचायत और बूथ अध्यक्षों को मतदाता सूची उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक बूथ पर एक वोट रक्षक नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।

अटल श्रीवास्तव ने बताया लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का अभियान

कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी मतदाता सूची जरूरी है। वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर एकजुट होकर मतदाता सूची की निगरानी करने की अपील की।

भाजपा ने 143 बूथों पर की संगठनात्मक बैठक

दूसरी ओर, विधायक अमर अग्रवाल ने बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के पश्चिम, दक्षिण और मध्य मंडल के 143 बूथों की बैठक लेकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क कर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के निर्देश दिए।

अमर अग्रवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आम नागरिकों से निरंतर संपर्क पर निर्भर करती है।

हर महीने होगी मंडल और बूथ स्तर की बैठक

विधायक अमर अग्रवाल ने प्रत्येक बूथ पर संगठन के निर्धारित छह प्रमुख कार्यक्रम अनिवार्य रूप से आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि हर महीने 15 से 20 तारीख के बीच मंडल पदाधिकारियों की बैठक और तीसरे रविवार को शक्ति केंद्र स्तर पर बैठक होगी।

इसके अलावा प्रत्येक महीने के अंतिम रविवार को बूथ समिति और स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुनने के निर्देश दिए गए।

कांग्रेस की संविधान रक्षा मार्च और जन चौपाल की तैयारी

कांग्रेस ने 26 नवंबर को रायपुर में आयोजित होने वाले संविधान रक्षा मार्च और वोट बचाओ, देश बचाओ कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की है। इसके साथ ही 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक ग्राम पंचायत स्तर पर जन चौपाल आयोजित करने की योजना बनाई गई है।