लवन में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया ख्रीस्त राजा पर्व, निकली भव्य शोभायात्रा
संत थॉमस चर्च से शुरू हुई शोभायात्रा में शामिल हुए सैकड़ों श्रद्धालु, प्रभु यीशु मसीह के जयकारों से गूंजा नगर
लवन। नगर में ईसाई समाज द्वारा रविवार को ख्रीस्त राजा पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें फादर, सिस्टर सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान प्रभु यीशु मसीह के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह संत थॉमस चर्च में विशेष प्रार्थना सभा के साथ हुई। इसके बाद चर्च से शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः संत थॉमस चर्च पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने प्रभु यीशु मसीह का जयकारा लगाते हुए उनका आत्मिक स्वागत किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रेम, शांति और सद्भाव का संदेश देता है पर्व
ईसाई धर्मावलंबियों के अनुसार ख्रीस्त राजा पर्व का विशेष धार्मिक महत्व है। प्रभु यीशु मसीह को संसार और स्वर्ग का राजा, धर्मगुरु एवं मुक्तिदाता माना जाता है। उन्हें मानवता के लिए प्रेम, शांति और सद्भाव का संदेश देने वाला तथा जीवन से पाप रूपी अंधकार मिटाकर प्रकाश फैलाने वाला माना जाता है।
इस अवसर पर फादर ने श्रद्धालुओं से कहा कि प्रभु यीशु को अपने जीवन और हृदय का राजा बनाएं तथा उनके बताए मार्ग पर चलें। उनके प्रति समर्पित रहकर मानवता, प्रेम और सेवा के भाव को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने सभी लोगों के सुखी जीवन और देश की समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना भी की।
क्रिसमस की तैयारियों का होता है शुभारंभ
ईसाई समाज का यह प्रमुख पर्व क्रिसमस से ठीक एक माह पहले मनाया जाता है। मान्यता के अनुसार, ख्रीस्त राजा पर्व के साथ प्रभु यीशु के आगमन काल की शुरुआत होती है। इसके बाद ईसाई समुदाय क्रिसमस की तैयारियों में जुट जाता है।
धर्मावलंबियों का मानना है कि प्रभु यीशु ने राजसी वैभव के बजाय कांटों का मुकुट धारण कर कष्टों का जीवन स्वीकार किया, ताकि मानवता का उद्धार हो सके। उनका संदेश प्रेम, त्याग, सेवा और समर्पण के माध्यम से समाज में शांति एवं सद्भाव स्थापित करने की प्रेरणा देता है।
