छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठंड, उत्तरी इलाकों में 4 डिग्री तक गिर सकता है तापमान, पेंड्रा में घना कोहरा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में अगले पांच दिनों तक रात के तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। सोमवार को भी मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। हालांकि, कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। पेंड्रा में मौसम साफ होने के साथ ठंड बढ़ गई है। सुबह के समय पूरे इलाके में घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते सड़कों पर दृश्यता कम हो गई और वाहन चालकों को फॉग लाइट जलाकर सफर करना पड़ा।
रायपुर और अंबिकापुर में सामान्य से ज्यादा तापमान
राजधानी रायपुर में रात का न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6.3 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। बिलासपुर में रात का तापमान 20 डिग्री रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया।


अगले 24 घंटे मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसमी सिस्टम नहीं है। अगले 24 घंटे तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। रायपुर में मंगलवार को आकाश आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
कमजोर पड़ा चक्रवाती सिस्टम का असर
बंगाल की खाड़ी से आए चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव कमजोर पड़ने के बाद छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगभग थम गया है। हालांकि, वातावरण में नमी बने रहने के कारण रायपुर सहित कुछ इलाकों में सुबह के समय कोहरा देखने को मिला। पिछले सप्ताह चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई थी। लगातार बादल छाए रहने से दिन के तापमान में गिरावट आई थी, जबकि रात का तापमान बढ़ गया था। अब बारिश थमने और बादल छंटने के साथ दिन के तापमान में फिर बढ़ोतरी होने लगी है।
