एमडी-एमएस की दूसरी काउंसिलिंग लिस्ट जारी, 299 अभ्यर्थियों को मिली सीट; 40 का हुआ अपग्रेडेशन
25 से 30 नवंबर तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और एडमिशन की प्रक्रिया, 97 नई सीटें भी काउंसिलिंग में हुईं शामिल
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मेडिकल पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए एमडी-एमएस की दूसरी काउंसिलिंग लिस्ट जारी कर दी गई है। इस राउंड में कुल 299 अभ्यर्थियों को मेडिकल कॉलेजों में सीटों का आवंटन किया गया है। इनमें 40 अभ्यर्थियों की सीट अपग्रेड हुई है। अभ्यर्थियों को 25 से 30 नवंबर तक दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
97 नई सीटें भी काउंसिलिंग में शामिल
दूसरे राउंड की काउंसिलिंग में 97 नई सीटें शामिल की गई हैं। ये सीटें पहले राउंड की काउंसिलिंग के दौरान स्वीकृत हुई थीं। नई सीटें मिलने के बाद आरक्षण रोस्टर के अनुसार कोटा निर्धारित किया गया। इसके बाद अभ्यर्थियों के रजिस्ट्रेशन और च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया पूरी कर रविवार को कुल 299 सीटों का आवंटन किया गया। इसमें पहले राउंड में खाली रह गई सीटें भी शामिल हैं।
30 नवंबर तक पूरा करना होगा एडमिशन
दूसरे राउंड में सीट प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को 25 से 30 नवंबर के बीच डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, स्क्रूटनी और एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। निर्धारित समय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद खाली रह जाने वाली सीटों के लिए मॉपअप राउंड आयोजित किया जाएगा।
इस बार पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में पैलिएटिव केयर के नए पाठ्यक्रम को भी मंजूरी मिली है।
नर्सिंग पाठ्यक्रमों की मेरिट लिस्ट भी जारी
नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए भी मेरिट लिस्ट जारी की गई है। इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) की ओर से प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने के बाद नए रजिस्ट्रेशन किए गए थे। इनके आधार पर अलग-अलग पाठ्यक्रमों की मेरिट सूची तैयार की गई है।
जारी सूची के अनुसार बीएससी नर्सिंग के लिए 3,840, पोस्ट बेसिक नर्सिंग के लिए 197 और डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक के लिए 3 अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट जारी हुई है। वहीं, एमएससी नर्सिंग के लिए करीब 300 अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है।
