बस्तर में किसानों को गांव में ही मिल रहा मंडी से बेहतर दाम, एफपीओ ने खरीदा 3,850 क्विंटल मक्का
बिहान योजना के तहत बकावंड और दरभा में किसान उत्पादक संगठनों की पहल, परिवहन खर्च और बिचौलियों से मिली राहत
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने की दिशा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) की पहल सकारात्मक परिणाम दे रही है। अब बकावंड और दरभा विकासखंड के किसानों को मक्का बेचने के लिए मंडियों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। किसान अपने ही गांव में मंडी से बेहतर कीमत पर मक्का बेच रहे हैं। इस व्यवस्था के तहत दो किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) ने उत्पादक समूहों से जुड़े किसानों से कुल 3,850 क्विंटल मक्का की खरीदी की है।
दो एफपीओ ने की सीधे मक्का खरीदी
बिहान योजना के तहत गठित किसान उत्पादक संगठनों ‘लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड’ बकावंड और ‘मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी’ दरभा ने किसानों से सीधे मक्का खरीदा। इसके बाद खरीदे गए मक्के का विक्रय स्थानीय व्यापारी सोमानी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड को किया गया। इस व्यवस्था से किसानों और खरीदारों के बीच पारदर्शी व्यापार को बढ़ावा मिला है।
परिवहन खर्च और मंडी की औपचारिकताओं से मिली राहत
एफपीओ के माध्यम से गांव में ही खरीदी होने से किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने के लिए परिवहन पर होने वाले खर्च से राहत मिल रही है। साथ ही मंडियों में लंबा इंतजार और बिक्री से जुड़ी औपचारिकताओं में लगने वाला समय भी बच रहा है। बिचौलियों की भूमिका कम होने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है और उनकी आय बढ़ाने के अवसर बन रहे हैं।
अब खाद-बीज और कृषि सामग्री उपलब्ध कराने की तैयारी
मक्का खरीदी में मिली सफलता के बाद दोनों कंपनियां अब किसानों को खेती के लिए जरूरी इनपुट सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही हैं। इसके तहत खाद, बीज और कीटनाशक दवाइयां उचित दर पर उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। इसके लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से इफको से पीओएस मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है। मशीन मिलने के बाद एफपीसी के जरिए किसानों को समय पर कृषि सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल
एफपीसी पदाधिकारियों के अनुसार, लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी का उद्देश्य क्षेत्र के किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इस व्यवस्था से किसानों को अपनी उपज बेचने के साथ ही खेती के लिए आवश्यक संसाधन भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इस पूरी पहल में बिहान के विकासखंड स्तरीय कर्मचारियों, एफपीसी के निदेशक मंडल, पीजी सदस्यों और स्थानीय किसानों की सक्रिय भागीदारी रही।
