मुख्यमंत्री ने पद्मश्री पंडीराम मंडावी के कला साधना की सराहना की
नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में नारायणपुर के प्रख्यात पद्मश्री सम्मानित काष्ठ शिल्पकार पंडीराम मंडावी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। महज 15 वर्ष की उम्र से लकड़ी पर कलाकृतियां उकेरने का सफर शुरू करने वाले मंडावी ने अपना जीवन बस्तर की पारंपरिक काष्ठ कला को संरक्षित और समृद्ध करने में समर्पित किया है।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनसे आत्मीय मुलाकात की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनकी कला साधना, पारंपरिक काष्ठ शिल्प को नई पहचान दिलाने तथा इस विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के प्रयासों की प्रशंसा की।
बस्तर के नारायणपुर निवासी पंडीराम मंडावी की कलाकृतियों में जनजातीय समाज की जीवनशैली, संस्कृति और परंपराओं का सुंदर चित्रण देखने को मिलता है। कला के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान और पारंपरिक शिल्प को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया है।
मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान मंडावी ने बताया कि अबूझमाड़ प्रवास के समय मुख्यमंत्री ने उनसे स्थानीय अबूझमाड़िया युवाओं को काष्ठ शिल्प का प्रशिक्षण देने का आग्रह किया था। इस पहल को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने लगभग एक महीने तक 12 अबूझमाड़िया युवाओं को प्रशिक्षण दिया और उन्हें लकड़ी पर कलाकृतियां बनाने की बारीकियां सिखाईं। मंडावी का मानना है कि किसी भी पारंपरिक कला का अस्तित्व तभी बना रह सकता है, जब उसका हुनर और ज्ञान नई पीढ़ी को सौंपा जाए।
इस दौरान उन्होंने बस्तर के दूरस्थ इलाकों में बढ़ती बुनियादी सुविधाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अब सड़कों, स्वास्थ्य सेवाओं और धान खरीदी जैसी सुविधाओं की पहुंच पहले की तुलना में बेहतर हुई है। गांवों तक बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों का आवागमन भी आसान हुआ है। पहले लंबी दूरी तय करने के लिए लोगों को साइकिल पर निर्भर रहना पड़ता था, जबकि अब बसों के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक पहुंचना सुविधाजनक हो गया है।
मंडावी ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय युवाओं को पारंपरिक कला और हुनर से जोड़ने की पहल बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और उसे आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
