भारत पर्व 2026 में छाया बस्तर का लोक रंग, 75 कलाकारों ने दी शानदार प्रस्तुति

लोककला और आधुनिक रंगमंच ने बांधा समां

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के केशकाल विकासखंड के ग्राम बींजे और धनोरा के 75 कलाकारों ने राष्ट्रीय मंच पर बस्तर की समृद्ध लोकसंस्कृति का शानदार प्रदर्शन किया। ‘बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप’ के इन कलाकारों ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के कलाकारों के साथ मिलकर पारंपरिक लोककलाओं और आधुनिक नाट्य शैली का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।

इस सांस्कृतिक प्रस्तुति को तैयार करने में प्रसिद्ध लोक गायक सिद्धार्थ महाजन, तिलकराम दुग्गा और भूपेंद्र साहू का विशेष योगदान रहा। देशभर से करीब 5 हजार कलाकारों की सहभागिता वाले इस भव्य आयोजन में कोंडागांव के कलाकारों की प्रस्तुति आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी।

नाट्य मंचन में दिखी बस्तर के बदलाव की कहानी

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजाले तक’ बस्तर की परिवर्तन यात्रा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति रही। कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से बस्तर में लंबे समय तक रही चुनौतियों और अब हो रहे बदलावों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया।

नाटक में दिखाया गया कि किस तरह क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और कॉलेज जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। विकास की इन गतिविधियों से जनजातीय क्षेत्रों में शांति, खुशहाली और नई उम्मीदों का संचार हो रहा है। कलाकारों ने अपनी जीवंत प्रस्तुति के जरिए बस्तर के बदलते सामाजिक परिवेश और विकास की संभावनाओं को मंच पर साकार किया।

मांदरी नृत्य और बस्तर के हस्तशिल्प ने भी बटोरी सराहना

नाट्य प्रस्तुति के साथ बस्तर की पारंपरिक लोकसंस्कृति ने भी दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। मांदर, ढोल और झांझ की मधुर धुनों पर प्रस्तुत मांदरी लोकनृत्य ने आयोजन में लोकजीवन की जीवंत छटा बिखेरी। वहीं, छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित बस्तर के पारंपरिक बांस शिल्प और हस्तकलाओं को भी देशभर से पहुंचे दर्शकों ने सराहा।

उत्सव के मुख्य थीम पवेलियन में देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित की गई थी। इस विविधतापूर्ण आयोजन में बस्तर की लोककला, नृत्य और हस्तशिल्प ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।

राष्ट्रीय मंच पर बस्तर की संस्कृति और बदलती तस्वीर का प्रदर्शन

भारत पर्व 2026 में कोंडागांव के कलाकारों की सहभागिता ने देशभर के लोगों को बस्तर की समृद्ध परंपराओं, लोककलाओं और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया। इस प्रस्तुति के माध्यम से बस्तर की उस तस्वीर को भी सामने रखा गया, जहां क्षेत्र अपनी पारंपरिक पहचान को संजोते हुए शांति, विकास और नई संभावनाओं की दिशा में आगे बढ़ रहा है।