छत्तीसगढ़ में लोहा कारोबारियों के ठिकानों पर IT की बड़ी रेड, रायपुर से रायगढ़ और बिलासपुर तक एक साथ छापेमारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह आयकर विभाग (IT) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के कई बड़े लोहा कारोबारियों और औद्योगिक समूहों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। रायपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर, बिलासपुर और रायगढ़ में विभाग की अलग-अलग टीमों ने दबिश दी। इस कार्रवाई में PRA ग्रुप, जेपी मित्तल और बर्बरीक ग्रुप से जुड़े ठिकाने जांच के दायरे में हैं।
रायपुर में PRA ग्रुप के ठिकानों पर दबिश
राजधानी रायपुर के खम्हारडीह स्थित बनियान ट्री सोसाइटी में कारोबारी प्रहलाद राय अग्रवाल और महेश राय अग्रवाल के आवास पर आयकर विभाग की टीम जांच कर रही है। इसके अलावा PRA ग्रुप के संचालक रमेश अग्रवाल के सूरजपुर स्थित मूल निवास और अंबिकापुर के मनेंद्रगढ़ रोड स्थित आवास पर भी छापेमारी की गई है। पुलिस बल की मौजूदगी में अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
बिलासपुर में जेपी मित्तल के घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
बिलासपुर में लोहा कारोबारी जयप्रकाश (जेपी) मित्तल के ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा। तीन गाड़ियों में पहुंची टीम ने विद्या नगर स्थित उनके निवास ‘प्रकाश पुंज’ में जांच शुरू की। इसके साथ ही व्यापार विहार स्थित मित्तल स्टील इस्पात, स्टीलमार्ट के कार्यालय और हनुमान हार्डवेयर स्टोर में भी अधिकारियों ने दस्तावेज खंगाले। कारोबारी से पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
रायगढ़ में रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप के ठिकाने जांच के घेरे में
रायगढ़ में आयकर विभाग ने रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप से जुड़ी फर्मों पर कार्रवाई की है। सुबह करीब 5 बजे 12 से 15 अधिकारियों की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचीं। कोतरारोड क्षेत्र स्थित बर्बरीक हाउस, कालिंदी कुंज समेत चार ठिकानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप आपस में जुड़े हुए हैं और साथ कारोबार करते हैं।
जांजगीर-चांपा में भी आयकर विभाग की दबिश
कार्रवाई का दायरा जांजगीर-चांपा तक भी पहुंचा है। यहां भी आयकर विभाग की टीम द्वारा दबिश दिए जाने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल विभाग की ओर से छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के कारणों और बरामद दस्तावेजों या अन्य जानकारियों का खुलासा हो सकेगा।
