नारायणपुर में जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का आगाज
कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का प्रभावी मंच बन रहा है। इसके माध्यम से युवाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेलों का महत्व केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि इनसे अनुशासन, आपसी सहयोग, एकजुटता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने तथा खेल के साथ शिक्षा में भी निरंतर प्रगति करने की अपील की।
कबड्डी से तीरंदाजी तक विभिन्न खेलों में प्रतिभागी दिखाएंगे दमखम
विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताओं के बाद आयोजित जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बालक और बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में कबड्डी, खो-खो, दौड़, रस्साकसी, फुटबॉल और तीरंदाजी सहित अनेक पारंपरिक एवं आधुनिक खेलों के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।
बस्तर ओलंपिक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और जनजातीय अंचलों की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना तथा युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना है। इसके साथ ही खेल गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें भविष्य में बेहतर अवसरों के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मंडावी, कलेक्टर नम्रता जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
