कांकेर के दुर्गम अंचलों में विकास को मिलेगी रफ्तार, 174 करोड़ से बने 24 पुल

210 गांवों की 1.68 लाख आबादी को बारहमासी आवागमन की सुविधा, 140 करोड़ के 19 पुलों का निर्माण जारी

रायपुर। कांकेर जिले के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा बड़े पुलों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के संयुक्त प्रयासों से नक्सल प्रभावित रहे इलाकों में सड़क और पुलों का नेटवर्क मजबूत हो रहा है। पिछले तीन वर्षों में करीब 174 करोड़ रुपए की लागत से 24 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। इन निर्माण कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क विकासखंड, तहसील और जिला मुख्यालयों से सुगम हुआ है।

जिले के सर्वाधिक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शामिल कोयलीबेड़ा-पखांजूर मार्ग पर वालेर नदी में 20 करोड़ रुपए, मेढ़की नदी में 12 करोड़ रुपए और महला नदी पर 6 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से पुल बनाए गए हैं। इसी तरह भैंसगांव-आतुरबेड़ा मार्ग पर मेढ़की नदी में 9 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया गया है। इन पुलों से क्षेत्र में आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ विकास गतिविधियों को भी गति मिली है। वर्तमान में जिले के लगभग 210 गांवों की 1 लाख 68 हजार आबादी को सालभर आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो रही है।

कुछ महीनों में 61 करोड़ के 9 पुल तैयार

जिले में नक्सल समस्या के समाधान के बाद बुनियादी ढांचे के विकास को गति मिली है। इसी क्रम में पिछले कुछ महीनों के दौरान 61 करोड़ रुपए की लागत से 9 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा किया गया है। इनमें करेगांव-मंडगांव मार्ग पर 7 करोड़ 46 लाख रुपए, बांसपत्तर-तिरियारपानी मार्ग पर 4 करोड़ 58 लाख रुपए, टुरी नदी पर 4 करोड़ 50 लाख रुपए तथा कापसी (पी.वी.-130)-पखांजूर मार्ग के त्रास नाला पर 6 करोड़ 57 लाख रुपए की लागत से बने पुल शामिल हैं।

इन निर्माण कार्यों से 80 गांवों की लगभग 56 हजार आबादी को बारहमासी संपर्क सुविधा मिली है। अब ग्रामीणों के लिए उच्च शिक्षा, व्यापार, कृषि गतिविधियों, पर्यटन, स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं तक पहुंच पहले से आसान हुई है। साथ ही सामाजिक और सांस्कृतिक संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा।

महाराष्ट्र से आवागमन के लिए बनेगा बेहतर संपर्क

कांकेर के दूरस्थ क्षेत्रों के साथ नारायणपुर के माड़ क्षेत्र में भी संपर्क सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है। अंतरराज्यीय आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से मरबेड़ा-सितरम मार्ग पर कोटरी नदी में 19 करोड़ रुपए, कोयलीबेड़ा-दुता मार्ग पर मेढ़की नदी में 10 करोड़ रुपए और ताड़ोकी-बैहासाल्हेभाट मार्ग पर मेढ़की नदी में 6 करोड़ रुपए की लागत से पुलों का निर्माण कराया जा रहा है।

इसके अलावा सोनपुर-नारायणपुर मार्ग पर बेचाघाट में कोटरी नदी पर 17 करोड़ रुपए की लागत से वृहद पुल का निर्माण प्रगति पर है। इन पुलों के तैयार होने से दुर्गम इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और महाराष्ट्र के साथ अंतरराज्यीय आवागमन को भी सुविधा मिलेगी।

19 पुलों का निर्माण जारी, 10 नए पुलों को मंजूरी

ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य जिला मार्गों, राज्य मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने के लिए राज्य शासन ने 140 करोड़ रुपए की लागत से 19 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण को स्वीकृति दी है। इनका निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इसके अलावा 92 करोड़ रुपए की लागत से 10 नए पुलों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है। इनका काम जल्द शुरू किया जाएगा।

स्वीकृत पुलों में राजनांदगांव-बैलाडीला मार्ग पर निब्रा नदी में 6 करोड़ रुपए, मरोड़ा-बेलगांव-छोटेबिटिया मार्ग पर बेलगांव नाला में 4 करोड़ रुपए, भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग पर पासंगी नाला में 5 करोड़ 50 लाख रुपए, कोदाभाट-माटवाड़ा-मोदी मार्ग पर दूध नदी में 16 करोड़ रुपए, सटेली-डांगरा मार्ग पर खंडी नदी में 12 करोड़ रुपए और हाटकर्रा-कोटगांव मार्ग पर चिनार नदी में 6 करोड़ रुपए की लागत से पुल बनाए जाएंगे।

इन परियोजनाओं के पूरा होने से कांकेर के ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा का विस्तार होगा। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और कृषि सहित विभिन्न विकास गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।