गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 20 नवंबर को प्लेसमेंट कैंप, 116 पदों पर होगी भर्ती

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी के अवसर देने के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा 20 नवंबर, शुक्रवार को प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया जाएगा। यह कैंप रोजगार कार्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसमें चार निजी कंपनियां और संस्थान विभिन्न पदों पर कुल 116 अभ्यर्थियों का चयन करेंगे।

कैंप में भारतीय जीवन बीमा निगम, पेंड्रा रोड द्वारा बीमा सखी के 25 और इंश्योरेंस एडवाइजर के 25 पदों पर भर्ती की जाएगी। वहीं, कैरियर जोन एजुकेशन सोसायटी, महाराणा प्रताप चौक बिलासपुर में इलेक्ट्रिशियन इंस्ट्रक्टर, कोपा इंस्ट्रक्टर और फिटर इंस्ट्रक्टर के दो-दो पद उपलब्ध हैं। इसके अलावा स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड, गौरेला में फील्ड ऑफिसर के 30 तथा श्रमिन टेलेंट प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर में इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन के 30 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।

इस प्लेसमेंट कैंप में 10वीं, 12वीं, आईटीआई और स्नातक उत्तीर्ण सहित संबंधित पदों के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवा शामिल हो सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की फोटोकॉपी के साथ निर्धारित तिथि और समय पर रोजगार कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

प्लेसमेंट कैंप से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा तीर्थराम मरकाम (मोबाइल नंबर 9754094200), सुरेश बेहरा (मोबाइल नंबर 7389504991) और निर्मल कांछी (मोबाइल नंबर 9926354144) से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।