थाईलैंड के फुकेट में इमारत में लगी भीषण आग, 11 लोगों की मौत; बाइक स्टोर से फैली लपटें, ट्रांसफॉर्मर में हुआ था धमाका

बैंकॉक: थाईलैंड के मशहूर पर्यटन द्वीप फुकेट में सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हुए हैं। इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर मोटरसाइकिल किराए पर देने की दुकान (बाइक स्टोर) थी और ऊपर की मंजिलों पर लोग रहते थे।

पास के ट्रांसफॉर्मर में धमाके के बाद लगी आग

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, आग सोमवार सुबह करीब 2 बजे लगी। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आग लगने से कुछ ही देर पहले इमारत के पास लगे एक बिजली ट्रांसफॉर्मर में जोरदार धमाका हुआ था। हालांकि, पुलिस आग लगने के सटीक कारणों की गहन जांच कर रही है। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों या घायलों में किसी विदेशी नागरिक के शामिल होने की सूचना नहीं है।

दुकान में रखी 100 बाइकों और ज्वलनशील सामान से भड़की आग

फुकेट के गवर्नर चोडनारिन कोएडसोम ने बताया कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित दुकान में करीब 100 मोटरसाइकिलें खड़ी थीं। इसके अलावा वहां गैस, इंजन ऑयल, प्लास्टिक का सामान और टायर भी भारी मात्रा में रखे हुए थे। इन्हीं ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और इमारत में घना व जहरीला धुआं भर गया, जिससे लोगों का दम घुटने लगा।

तीसरी और पांचवीं मंजिल पर मिले शव

अधिकारियों के अनुसार, आग की लपटें और धुआं फैलने के बाद जान बचाने के लिए लोग इमारत की ऊपरी मंजिलों की ओर भागे, लेकिन वहां फंस गए। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक शव तीसरी मंजिल पर मिला, जबकि 10 शव पांचवीं मंजिल पर पाए गए। यह इमारत फुकेट के पश्चिमी तट पर स्थित प्रसिद्ध पातोंग बीच के पास एक कस्बे में है।

4 महीने पहले बैंकॉक के बार में भी हुआ था बड़ा हादसा

गौरतलब है कि इससे करीब चार महीने पहले, 12 जुलाई को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के चातुचक जिले में स्थित एक बार में भी भीषण आग लगी थी। उस हादसे में 27 लोगों की जान गई थी और 63 लोग घायल हुए थे। उसकी शुरुआती जांच में भी बिजली के सिस्टम और सर्किट ब्रेकर में खराबी की बात सामने आई थी।