गांधी-शास्त्री जयंती पर रायपुर में पदयात्रा, राज्यपाल रमेन डेका ने दिलाया नशामुक्त समाज का संकल्प

रायपुर, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नशामुक्त भारत के संदेश के साथ पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में राज्यपाल रमेन डेका शामिल हुए और नागरिकों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत टाउन हॉल परिसर में हुई, जहां राज्यपाल रमेन डेका ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने पदयात्रा में सहभागिता की। टाउन हॉल से शुरू हुई पदयात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। मार्ग में लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

पदयात्रा टाउन हॉल से रवाना होकर अंबेडकर चौक पहुंची। यहां राज्यपाल ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी और निरंतर जनजागरूकता जरूरी है।

पदयात्रा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी सहित बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, विद्यार्थी और शहरवासी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और अपने परिवार तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया।

पदयात्रा के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।