रायपुर में आज निकलेगी गणेश विसर्जन झांकी

शारदा चौक से महादेवघाट तक रहेगा झांकी मार्ग; ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, झांकियों के लिए पुरस्कार प्रतियोगिता भी

रायपुर। गणेश उत्सव के समापन के अवसर पर रायपुर में आज, 28 सितंबर की रात, गणेश विसर्जन झांकी निकाली जाएगी। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए झांकियां शारदा चौक से महादेवघाट स्थित विसर्जन स्थल तक पहुंचेंगी। झांकी को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर एडवाइजरी जारी की है।

झांकी मार्ग पर शाम 6 बजे से सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान निर्धारित मार्ग पर केवल विसर्जन झांकियों और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी। लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।

झांकियों के बीच होगी पुरस्कार प्रतियोगिता

इस वर्ष गणेश विसर्जन झांकियों को प्रोत्साहित करने के लिए अखिल भारतीय संत समिति, शाखा छत्तीसगढ़ की ओर से झांकी एवं गणेशोत्सव समितियों के लिए पुरस्कार प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।

प्रतियोगिता में झांकियों की प्रस्तुति, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप, सजावट, अनुशासन सहित विभिन्न निर्धारित मापदंडों के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। विसर्जन के दौरान शहर से गुजरने वाली झांकियों का मूल्यांकन ज्यूरी कमेटी द्वारा किया जाएगा।

बेहतर प्रदर्शन करने वाली समितियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

प्रथम पुरस्कार 51 हजार, द्वितीय 31 हजार और तृतीय 21 हजार रुपये

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली समिति को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली समिति को 31 हजार रुपये और तृतीय स्थान वाली समिति को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

इसके अलावा विसर्जन झांकी में शामिल सभी समितियों और झांकियों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि इससे समितियों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को और बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने का प्रयास

समाजसेवी बसंत अग्रवाल ने बताया कि पुरस्कार प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल विजेता समितियों को सम्मानित करना नहीं है, बल्कि गणेश उत्सव से जुड़ी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करना भी है।

उन्होंने कहा कि विसर्जन झांकी में शामिल प्रत्येक समिति का सम्मान किया जाएगा, ताकि समितियों में उत्साह बना रहे और आने वाले वर्षों में भी गणेश उत्सव की परंपराओं को और भव्य एवं अनुशासित तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।

आयोजन की जानकारी अखिल भारतीय संत समिति, शाखा छत्तीसगढ़ की ओर से दी गई। कार्यक्रम साधु-संतों के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर संत राजीव लोचन और बसंत अग्रवाल मौजूद रहे।

शारदा चौक से महादेवघाट तक जाएगा झांकी जुलूस

गणेश विसर्जन झांकी शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेवघाट विसर्जन स्थल पहुंचेगी।

झांकी मार्ग पर शाम 6 बजे से सामान्य यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। झांकी और श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

इन मार्गों पर सामान्य यातायात रहेगा प्रतिबंधित

झांकी के दौरान शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक/जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली, बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली, लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना तथा कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

यातायात पुलिस ने गणेश विसर्जन झांकी के दौरान आम नागरिकों से ट्रैफिक व्यवस्था में सहयोग करने और निर्धारित मार्गों पर अनावश्यक वाहन लेकर नहीं आने की अपील की है।