सेवा संकल्प अभियान को लेकर सूरजपुर में तैयारियों की समीक्षा
रायपुर, 15 सितंबर 2026। सूरजपुर जिले में सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित करने की तैयारियों को लेकर संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा सूरजपुर जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की रूपरेखा, प्रस्तावित गतिविधियों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैंकरा सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हर गांव और हर नागरिक तक पहुंचाने की तैयारी
दयालदास बघेल ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा संकल्प अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक गांव, पंचायत और नागरिक को अभियान से जोड़ने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रभावी गतिविधियां आयोजित की जाएं।
उन्होंने वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने पर जोर दिया, ताकि अभियान के तहत निर्धारित कार्यक्रमों का समयबद्ध और प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके।
विकास और बदलाव की कहानी लोगों तक पहुंचाने पर जोर
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ के माध्यम से लोगों को शासन की योजनाओं और विकास कार्यों से आए परिवर्तन की जानकारी दी जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों को यह बताया जाए कि पूर्व की परिस्थितियों और वर्तमान स्थिति में किस प्रकार बदलाव आया है तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ किस तरह लोगों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही ऐसे अभियानों की वास्तविक सफलता है।
आंगनबाड़ी केंद्रों में होंगे रचनात्मक कार्यक्रम
बैठक में पंचायत स्तर तक शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ी केंद्रों को भी अभियान की गतिविधियों से जोड़ते हुए वहां रचनात्मक एवं जनोपयोगी कार्यक्रम आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान, स्वास्थ्य परीक्षण और ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार, आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रमों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने की बात कही गई।
विभिन्न गतिविधियों के आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा
बैठक में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ सहित अभियान से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। दयालदास बघेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों को व्यवस्थित, गरिमापूर्ण और अधिक से अधिक जनभागीदारी वाला बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास होना चाहिए।
समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ अभियान की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग और व्यक्ति की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में होने वाली सभी गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाए और उन्हें पूरी गंभीरता, सक्रियता तथा बेहतर समन्वय के साथ पूरा किया जाए।
इस दौरान कलेक्टर रेना जमील ने जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों और गतिविधियों की क्रमवार जानकारी दी। उन्होंने अभियान के सफल संचालन के लिए विभागवार तैयारियों से भी बैठक में अवगत कराया।
बैठक में वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
