स्वच्छता ही सेवा अभियान: बीरगांव में गणेश समितियों की बैठक
स्वच्छता ही सेवा अभियान: बीरगांव में गणेश समितियों की बैठक, स्वच्छ और सुरक्षित उत्सव मनाने की अपील
बीरगांव। गणेश उत्सव के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम बीरगांव के सभाकक्ष में गणेश समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शासन से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी समितियों को दी गई और उत्सव के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।
नगर निगम आयुक्त युगल किशोर उर्वशा ने गणेश समितियों को गणेश उत्सव के दौरान पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्रोत पर कचरा पृथक्करण (सोर्स सेग्रीगेशन) पर विशेष जोर देते हुए समितियों से अपील की कि वे श्रद्धालुओं को भी कचरे को निर्धारित तरीके से अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को सुरक्षित, व्यवस्थित और स्वच्छ तरीके से संपन्न कराने को लेकर भी जरूरी दिशा-निर्देश साझा किए गए। आयुक्त ने कहा कि धार्मिक आयोजन के साथ स्वच्छता और नागरिक जिम्मेदारी को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी दी गई जानकारी
बैठक में रायपुर कमिश्नरेट के उरला और खमतराई थाना क्षेत्रों से पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने गणेश उत्सव के दौरान सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी गणेश समितियों के साथ साझा की। समितियों से आयोजन के दौरान प्रशासन और पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
दिलाई गई स्वच्छता की शपथ
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित गणेश समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी ने गणेश उत्सव को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने का संकल्प लिया।
बैठक में नगर पालिक निगम बीरगांव के आयुक्त युगल किशोर उर्वशा, स्वास्थ्य अधिकारी कमल नारायण जंघेल, स्वच्छता निरीक्षक राजेश सिंह क्षत्रिय और जिला समन्वयक PIU विकास जांगड़े सहित गणेश समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
