जोन 4 में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण
जोन 4 में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण, गंदगी फैलाने वालों पर 10,500 रुपये का जुर्माना
रायपुर। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर निगम की टीम लगातार मैदानी निरीक्षण कर रही है। इसी कड़ी में आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने नगर निगम जोन 4 के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाया जाए। साथ ही संबंधित लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और भविष्य में दोबारा गंदगी नहीं फैलाने की सख्त हिदायत दी जाए।
इस दौरान अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, जोन 4 जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह, उप अभियंता हिमांशु चंद्राकर तथा जोन स्वास्थ्य अधिकारी पुरन तांडी और वीरेंद्र चंद्राकर मौजूद रहे।
6 लोगों पर ई-चालान, 10,500 रुपये वसूली
अपर आयुक्त के निर्देश के बाद जोन 4 की स्वास्थ्य टीम ने गंदगी पाए जाने पर छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। सोनू सोनकर पर 2,000 रुपये, संतोष देवभोग मिल्क पार्लर पर 5,000 रुपये और ऋषभ रक्सेल पर 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा सुनील लहरवानी, जलन सागर और चेतन मंडले पर 500-500 रुपये का जुर्माना किया गया। इस तरह छह मामलों में कुल 10,500 रुपये के ई-चालान जारी किए गए।
दोबारा गंदगी नहीं फैलाने की चेतावनी
नगर निगम की टीम ने जुर्माना लगाने के साथ संबंधित लोगों को मौके पर ही स्वच्छता बनाए रखने की समझाइश दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा या गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर निगम का उद्देश्य शहर के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाना है।
