पोरा तिहार छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति और लोकपरंपराओं का प्रतीक
पोरा तिहार छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति और लोकपरंपराओं का प्रतीक : ओपी चौधरी
रायपुर, 10 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकपर्व पोरा तिहार के अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि पोरा तिहार छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, कृषि जीवन और ग्रामीण परंपराओं से गहराई से जुड़ा पर्व है।
ओपी चौधरी ने कहा कि पोरा तिहार के माध्यम से प्रदेश की मिट्टी, खेती-किसानी और पशुधन के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता की भावना प्रकट होती है। यह पर्व छत्तीसगढ़ के ग्रामीण जीवन में कृषि और पशुधन के महत्व को दर्शाने के साथ हमारी सदियों पुरानी लोकपरंपराओं को भी जीवंत बनाए रखता है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोकपर्व प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। पोरा तिहार जैसे पर्वों के जरिए लोकमान्यताएं, परंपराएं और संस्कार नई पीढ़ी तक पहुंचते हैं। साथ ही, ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संदेश देते हैं।
वित्त मंत्री ने कामना की कि पोरा तिहार प्रदेश के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। किसानों के खेतों में अच्छी और भरपूर फसल हो तथा छत्तीसगढ़ विकास और समृद्धि की दिशा में निरंतर आगे बढ़ता रहे।
