बारिश थमते ही सामने आई रायपुर की सड़कों की बदहाली

बारिश थमते ही सामने आई रायपुर की सड़कों की बदहाली, कई जगह उखड़ा डामर और बिखरी बजरी

रायपुर। राजधानी में बारिश का दौर थमने के बाद अब सड़कों की खराब स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। शहर की कई प्रमुख सड़कों पर डामर की ऊपरी परत उखड़ गई है। जगह-जगह गड्ढों के आसपास बजरी और मिट्टी फैली हुई है, जो वाहनों के गुजरने के साथ धूल बनकर हवा में उड़ रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है, जिन्हें सड़क पर संभलकर आवाजाही करनी पड़ रही है।

शहर की प्रमुख सड़कों का जायजा लेने पर तेलीबांधा मरीन ड्राइव, नई धमतरी रोड, पचपेड़ीनाका सर्विस रोड और संतोषीनगर रिंग रोड नंबर-1 से पुरानी धमतरी रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर कई जगह सड़क की सतह खराब मिली। जलभराव वाले हिस्सों में डामर निकलने के साथ नीचे की बजरी भी बाहर आ गई है। कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह कमजोर नजर आ रही है।

सड़क सूखते ही बढ़ी धूल की परेशानी

बारिश के दौरान पानी से भरी रहने वाली सड़कें अब सूखने लगी हैं। इसके साथ ही वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क पर पड़ी बजरी छिटक रही है और धूल उड़ रही है। सड़क किनारे स्थित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक इसका असर दिखाई दे रहा है। दोपहिया चालक कई जगह बजरी वाले हिस्सों से बचकर वाहन निकालते नजर आ रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार बारिश के बाद शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों का आकलन किया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी की ओर से अलग-अलग जोन में खराब सड़कों और आवश्यक पैचवर्क की स्थिति की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर मरम्मत कार्य के लिए आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

सिर्फ गड्ढे भरने से नहीं चलेगा काम

सड़कों की स्थिति देखने पर यह भी सामने आया कि समस्या केवल गड्ढों तक सीमित नहीं है। कई जगह डामर की पूरी ऊपरी परत उखड़ने से बजरी बाहर निकल आई है। ऐसे हिस्सों में सिर्फ गड्ढे भरने से सड़क की स्थिति लंबे समय तक बेहतर रहने की संभावना कम है। जरूरत के मुताबिक सड़क की पूरी सतह को दुरुस्त करने के साथ-साथ बिखरी बजरी और मिट्टी को भी हटाना जरूरी होगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों के स्तर पर भी क्षतिग्रस्त सड़क के पुनर्निर्माण और जलभराव वाले हिस्सों को ऊंचा करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

मरीन ड्राइव: सड़क पर बिखरी बजरी, धूल से परेशानी

तेलीबांधा मरीन ड्राइव के कई हिस्सों में डामर के बीच से बजरी बाहर निकल आई है। बस, कार और दोपहिया वाहनों के गुजरने पर बजरी छिटकने के साथ धूल उड़ रही है। सड़क किनारे स्थित दुकानों के आसपास भी धूल जमा दिखाई दी। दोपहिया चालक अपेक्षाकृत समतल हिस्सों से निकलते नजर आए।

नई धमतरी रोड: जलभराव वाले हिस्से हुए खराब

पचपेड़ीनाका से कमल विहार की ओर जाने वाली नई धमतरी रोड के उन हिस्सों में सड़क ज्यादा खराब मिली, जहां बारिश के दौरान पानी जमा होता है। यहां डामर की परत टूटने से नीचे की बजरी बाहर आ गई है। सड़क की असमान सतह के कारण दोपहिया वाहन चालकों को गति कम करके गुजरना पड़ रहा है।

सर्विस रोड: गड्ढों के आसपास फैली बजरी

पचपेड़ीनाका चौक से लगी सर्विस रोड पर कई स्थानों पर डामर उखड़ा हुआ है। गड्ढों के आसपास फैली बजरी वाहनों के दबाव से लगातार इधर-उधर छिटक रही है। इससे पीछे से आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को भी सावधानी बरतनी पड़ रही है।

रिंग रोड-1: कट और आगे की सड़क पर भी खराब हिस्से

संतोषीनगर रिंग रोड नंबर-1 के कई कट पर सड़क क्षतिग्रस्त मिली। सेजबहार की ओर पुरानी धमतरी रोड पर भी गड्ढों के आसपास बजरी जमा है। कई जगह सड़क की ऊपरी परत उखड़ने से सतह असमान हो गई है। बड़े वाहनों के गुजरने पर इन हिस्सों से धूल उड़ती दिखाई दे रही है।

बारिश के बाद शहर की सड़कों की यह स्थिति अब मरम्मत की जरूरत को सामने ला रही है। लोगों की मांग है कि केवल दिखाई देने वाले गड्ढों की मरम्मत के बजाय जहां सड़क की पूरी सतह खराब हो चुकी है, वहां स्थायी तरीके से सुधार किया जाए।