बस्तर में 17 सितंबर से शुरू होगा एक महीने का सेवा संकल्प अभियान, सवा लाख दीपों से जगमगाएगा जगदलपुर

जगदलपुर, 9 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनसमर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बस्तर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का व्यापक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान को लेकर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समन्वय बैठकों में अभियान को बस्तर की सामूहिक भागीदारी, सेवा और विकास का यादगार आयोजन बनाने की रणनीति तैयार की गई है।

17 सितंबर को दीपों से रोशन होगा जगदलपुर

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को कई बड़े आयोजनों के साथ होगी। इस दौरान जगदलपुर में सवा लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। अन्य संभाग मुख्यालयों के लिए निर्धारित 51 हजार दीपों के लक्ष्य की तुलना में जगदलपुर को प्रदेश में सबसे अधिक दीप जलाने का लक्ष्य दिया गया है।

शाम 7 बजे ऐतिहासिक सिरहासार चौक पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत भव्य दीपोत्सव आयोजित होगा। इसके अलावा झीरम मेमोरियल, पुनर्वास केंद्र, सुरक्षा बलों के कैंप, पुलिस थाने और अमर शहीद वीर गुंडाधूर व झाड़ा सिरहा की जन्मस्थली सहित जिले के 25 चयनित गांवों में भी घर-घर दीप जलाए जाएंगे।

राष्ट्रभक्ति और बस्तर के बदलते स्वरूप को दर्शाने के लिए सिरहासार क्षेत्र में भारत के मानचित्र और ‘नक्सल मुक्त बस्तर’ की थीम पर विशाल रंगोली भी बनाई जाएगी।

अभियान के पहले दिन पौधरोपण और रक्तदान

सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत सामाजिक सरोकारों से भी होगी। 17 सितंबर को तोकापाल विकासखंड के परपा में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत 760 पौधे लगाए जाएंगे।

इसी दिन महारानी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों को प्रमुखता दी जाएगी।

स्कूल-कॉलेजों में होगी ‘सपनों का भारत’ प्रतियोगिता

एक महीने तक चलने वाले अभियान में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों की श्रृंखला आयोजित होगी।

स्कूल और कॉलेजों में विद्यार्थियों के लिए ‘बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। ये प्रतियोगिताएं संकुल स्तर से शुरू होकर जिला स्तर तक आयोजित की जाएंगी।

महाविद्यालयों के विद्यार्थी ‘नमो सेवा गाथा’ पर आधारित नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सेवा और जनकल्याण का संदेश देंगे।

आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 सितंबर से ‘आंगन का उत्सव’

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण माह की गतिविधियों के साथ आंगनबाड़ी सम्मान और स्वास्थ्य संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे।

बस्तर में हुए सकारात्मक बदलावों को लोगों तक पहुंचाने के लिए साइकिल और बाइक रैलियां भी निकाली जाएंगी। वहीं मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के नए रूटों पर आभार यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।

25 दिनों तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

कलेक्टर आकाश छिकारा ने अधिकारियों को सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ अभियान संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ‘कहानी बदलाव की’ श्रृंखला के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की प्रेरक कहानियों को सोशल मीडिया पर साझा करने पर भी जोर दिया है।

पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए 25 दिनों तक सार्वजनिक स्थलों, नदी घाटों, पर्यटन स्थलों और धार्मिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान किया जाएगा।

वहीं आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए 16 अक्टूबर को जिला स्तरीय शिविर लगाया जाएगा, जहां नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण पर फोकस रहेगा।

सामूहिक भागीदारी से सफल बनाने की अपील

महापौर संजय पाण्डे और पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप ने समाज के सभी वर्गों, व्यापारिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और मीडिया प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से बस्तर की सकारात्मक ऊर्जा, सेवा भावना और विकास की तस्वीर को व्यापक स्तर पर सामने लाया जा सकेगा।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, वन मंडलाधिकारी दीपेश कपिल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, सहायक कलेक्टर यशवंत नायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।