रामनगर में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई
गंदगी और सड़क पर कब्जे पर 35 हजार का ई-जुर्माना
रायपुर। शहर में स्वच्छता व्यवस्था और सार्वजनिक सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-7 की स्वास्थ्य, नगर निवेश और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने रामनगर के कर्मा चौक और आसपास के इलाकों में विशेष अभियान चलाया।
जोन कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान सड़कों पर कब्जा करने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वाले दुकान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। संबंधित व्यवसायियों को भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। अभियान के दौरान निगम की टीम ने करीब 35 हजार रुपए का ई-जुर्माना वसूला।
व्यावसायिक भवनों का किया गया पुनर्मूल्यांकन
अभियान के दूसरे चरण में जोन-7 के राजस्व विभाग ने कर्मा चौक, रामनगर के आसपास स्थित व्यावसायिक भवनों का संपत्तिकर पुनर्मूल्यांकन किया। जांच और पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया के बाद नियमानुसार संपत्तिकर में 1,42,414 रुपए की वृद्धि दर्ज की गई।
निगम के राजस्व विभाग ने बढ़े हुए संपत्तिकर की वसूली की प्रक्रिया शुरू करते हुए संबंधित संपत्तिकरदाताओं को नोटिस जारी कर दिए हैं।
बढ़े संपत्तिकर की होगी नियमानुसार वसूली
नगर निगम के मुताबिक पुनर्मूल्यांकन के बाद सामने आई संपत्तिकर की अतिरिक्त राशि को नियमानुसार संबंधित संपत्तिकरदाताओं से वसूल किया जाएगा। इसके लिए नोटिस जारी करने के साथ आगे की राजस्व कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
नगर निगम ने साफ किया है कि सार्वजनिक सड़कों पर अतिक्रमण, गंदगी फैलाने और संपत्तिकर संबंधी नियमों के उल्लंघन के मामलों में अभियान आगे भी जारी रहेगा।
