निलेश क्षीरसागर ने संभाला नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक का दायित्व

रायपुर। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2011 बैच के अधिकारी निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने आज इंद्रावती भवन में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। इससे पहले क्षीरसागर कांकेर जिले के कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, नगरीय प्रशासन विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, मुख्य अभियंता राजेश शर्मा तथा अपर संचालक (वित्त) यूनूस खान सहित विभाग और SUDA के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

विभागीय योजनाओं की ली जानकारी

पदभार संभालने के बाद निलेश क्षीरसागर ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा से सौजन्य भेंट की। इसके पश्चात उन्होंने विभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और नगरीय प्रशासन विभाग तथा SUDA के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों की प्राथमिकताओं पर चर्चा करते हुए योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने, नगरीय निकायों के समग्र विकास तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

नए संचालक ने कहा कि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग का सीधा संबंध आम नागरिकों के दैनिक जीवन से है। शहरों में स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों का प्रभाव सीधे लोगों के जीवन पर पड़ता है। इसलिए नागरिकों को बेहतर और समय पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्रमुख प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं और विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। साथ ही नगरीय निकायों और विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर बल दिया।

क्षीरसागर ने कहा कि नगरीय निकायों के प्रभावी संचालन और विकास योजनाओं के बेहतर परिणाम के लिए मैदानी स्तर पर कार्यों की निरंतर निगरानी और समीक्षा आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अधिकतम नागरिकों तक पहुंचाने की अपेक्षा व्यक्त की।