रायपुर : तस्वीरों ने ताजा कीं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पुरानी यादें, ‘दृश्य संवाद 2026’ के समापन समारोह में हुए शामिल
रायपुर (23 अगस्त 2026): तस्वीरें बीते हुए समय को वर्तमान से जोड़ती हैं। कभी वे इतिहास का दस्तावेज बनती हैं तो कभी जीवन के भूले-बिसरे पलों को फिर से जीवंत कर देती हैं। राजधानी रायपुर में आज कुछ ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपनी वर्षों पुरानी तस्वीरों के माध्यम से सार्वजनिक जीवन के लंबे सफर को एक बार फिर जिया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज रायपुर प्रेस क्लब द्वारा विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट ‘दृश्य संवाद 2026’ के समापन समारोह में शामिल हुए। 19 अगस्त से आयोजित इस फेस्ट में मुख्यमंत्री ने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और फोटो पत्रकारों तथा ओपन कैटेगरी के प्रतिभागियों द्वारा खींची गई तस्वीरों की सराहना की।
पुरानी तस्वीरों से ताजा हुईं संस्मरणों की यादें
प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने जब अपने राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी पुरानी तस्वीरें देखीं, तो उनके साथ जुड़ी अनेक स्मृतियां ताजा हो गईं। अपनी पहली बार विधायक बनने के समय की एक तस्वीर देखकर मुख्यमंत्री ने बताया कि उस समय उन्होंने विशेष रूप से सफारी सूट सिलवाया था।
वहीं, हल चलाते हुए अपनी तस्वीर देखकर उन्होंने अपने खेती-किसानी के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि गांव और खेती से जुड़ी तस्वीरें उन्हें अपनी मिट्टी और पुराने दिनों की याद दिलाती हैं।
जब मुख्यमंत्री ने खुद थाम लिया कैमरा
प्रदर्शनी के दौरान एक दिलचस्प और आत्मीय क्षण तब आया, जब मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने खुद कैमरा संभाल लिया। आमतौर पर मुख्यमंत्री की गतिविधियों को अपने कैमरे में दर्ज करने वाले फोटो पत्रकारों के सामने इस बार स्वयं मुख्यमंत्री कैमरे के पीछे थे। उन्होंने एक फोटो जर्नलिस्ट की तस्वीर खींचकर इस आयोजन को यादगार बना दिया।
“बिना शब्दों के पूरी कहानी कह देती हैं तस्वीरें”
मुख्यमंत्री श्री साय ने फोटो पत्रकारों के कार्य की सराहना करते हुए कहा:
-
तस्वीरें केवल किसी घटना या क्षण को दर्ज करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे समय, समाज और स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेजती हैं।
-
कई बार एक तस्वीर बिना शब्दों के पूरी कहानी बयान कर देती है।
-
फोटो पत्रकार कठिन परिस्थितियों में भी घटनास्थल पर पहुंचकर समाज और इतिहास के महत्वपूर्ण क्षणों को सहेजते हैं, जो पत्रकारिता का अत्यंत प्रभावशाली पक्ष है।
प्रकृति, संस्कृति और जनसरोकार के विविध रंग
रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित पांच दिवसीय ‘दृश्य संवाद 2026’ में फोटो पत्रकारों के साथ-साथ ओपन कैटेगरी की तस्वीरों को भी जगह दी गई। इसमें प्रकृति एवं पर्यावरण, संस्कृति व परंपरा तथा समाचार व जनसरोकार से जुड़ी तस्वीरों के जरिए छत्तीसगढ़ के जनजीवन के विविध रंगों को बखूबी दर्शाया गया।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
समापन अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी, महासचिव श्री गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष श्री दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष श्री दिनेश यदु, संयुक्त सचिव सुश्री निवेदिता साहू व श्री भूपेश जांगड़े मौजूद रहे।
इसके साथ ही फेस्ट के संयोजक श्री दीपक पांडे, वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट श्री गोकुल सोनी, श्री प्रदीप डडसेना, श्री राजकुमार चतुर्वेदी, श्री रुपेश यादव, श्री नरेंद्र बंगाले, श्री सुधीर सागर, श्री रमन हलवाई, श्री किशन लोखंडे, श्री मनोज देवांगन, श्री विजय देवांगन, श्री विनय घाड़गे, श्री पंकज चौहान, श्री हीरा मानिकपुरी, श्री त्रिलोचन मानिकपुरी, श्री हेमंत गोस्वामी, श्री जय गोस्वामी, श्री पंकज सिंह सहित बड़ी संख्या में फोटो जर्नलिस्ट उपस्थित थे।
