कांकेर: उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 9.40 करोड़ के मिनी स्टेडियम और इनडोर हॉल का किया लोकार्पण, फुटबॉल में दागा गोल

कांकेर/रायपुर (UPI24 News): उप मुख्यमंत्री तथा कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने कांकेर में तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर मेलाभाठा के समीप नवनिर्मित मिनी स्टेडियम एवं बहुउद्देशीय इनडोर हॉल का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने फुटबॉल को किक कर गोल दागकर खेल मैदान का भव्य शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की स्वाधीनता और महान क्रांतिकारियों के अमर बलिदानों का प्रतीक है। वीर शहीदों के सपनों को संजोकर रखने और देश को आत्मनिर्भर बनाने में युवाओं व विद्यार्थियों की सबसे बड़ी भूमिका है।

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर प्लेटफॉर्म

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि इस मल्टीपरपज मिनी स्टेडियम के निर्माण से स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाएं और एक बेहतर मंच मिलेगा। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का उदाहरण देते हुए उम्मीद जताई कि कांकेर की छिपी हुई खेल प्रतिभाएं भी इस स्टेडियम के जरिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाएंगी।

9.40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ खेल परिसर

कांकेर के नगरवासियों और खेल प्रेमियों को मिली इस सौगात की प्रमुख विशेषताएं:

  • 7 करोड़ की लागत से मिनी स्टेडियम: इसमें फुटबॉल ग्राउंड, क्रिकेट बॉक्स, बास्केटबॉल ग्राउंड, रनिंग ट्रैक और विभिन्न खेलों के लिए नेट प्रैक्टिस की आधुनिक सुविधा है।

  • 2.40 करोड़ से बहुउद्देशीय इनडोर हॉल: इसमें बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस, कुश्ती और अन्य इनडोर खेलों के अभ्यास की व्यवस्था है।

  • अतिरिक्त सुविधाएं: खेल परिसर में आउटडोर जिम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण

लोकार्पण समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री आशाराम नेताम और अन्य अतिथियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत परिसर में नारियल के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर कांकेर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, विधायक श्री आशाराम नेताम और कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।