रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी माँ के नाम लगाया पीपल का पौधा, वन महोत्सव-2026 का हुआ शुभारंभ

‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान के तहत 15 एकड़ में लगाए गए 2500 से अधिक पीपल के पौधे, प्रदेश में इस वर्ष ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य

रायपुर, 5 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नया रायपुर में आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम में अपनी माँ के नाम पर पीपल का पौधा लगाकर वन महोत्सव-2026 का शुभारंभ किया। इसी के साथ प्रदेशव्यापी ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान की भी शुरुआत हुई। अभियान के तहत लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में 2500 से अधिक पीपल के पौधे लगाए गए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरणीय आवश्यकता नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी भी है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को जीवनदाता माना गया है और पीपल का वृक्ष आस्था, आध्यात्मिक चेतना तथा पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पीपल जैव विविधता के संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान अब जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। छत्तीसगढ़ में भी इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला है। पिछले दो वर्षों में प्रदेशभर में 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि वर्ष 2026 में ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपने घर, खेत, विद्यालय, कार्यालय अथवा आसपास उपलब्ध खाली भूमि पर अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेने की अपील की।

जलवायु परिवर्तन की चुनौती का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ता तापमान, प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ता दबाव पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय है। ऐसे समय में वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। यदि प्रत्येक नागरिक वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो बड़ा सकारात्मक बदलाव संभव है।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रतिदिन एक पौधा लगाने के संकल्प का भी उल्लेख करते हुए इसे प्रकृति संरक्षण के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भविष्य के निर्माण का संकल्प है।

उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा पिछले दो वर्षों में लगभग 7 करोड़ 50 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक से तिरंगा फहराने के साथ एक पौधा लगाने की भी अपील की।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, विधायक श्री इंद्र कुमार साहू, छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा, अपर मुख्य सचिव वन एवं जलवायु परिवर्तन श्री मनोज कुमार पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) श्री अरुण कुमार पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने वृक्षारोपण के साथ पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।