रायपुर: उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 का किया शुभारंभ, नवाचारों की सराहना की

रायपुर, 31 जुलाई।

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज रायपुर के लाभांडी में छत्तीसगढ़ टेंट ओनर वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने एक्सपो में लगाई गई विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और टेंट व डेकोरेशन क्षेत्र में आए आधुनिक उत्पादों, आकर्षक डिजाइनों तथा नई तकनीकों की जमकर सराहना की।

शुभारंभ समारोह में क्षेत्रीय विधायक मोतीलाल साहू, टेंट एसोसिएशन के राज्य स्तरीय पदाधिकारी और देशभर से पहुंचे टेंट व्यवसायी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

‘टेंट व्यवसाय आज एक सशक्त उद्योग बनकर उभरा’

समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि टेंट और इवेंट मैनेजमेंट का व्यवसाय आज तेजी से विकसित होकर एक सशक्त और संगठित उद्योग के रूप में स्थापित हो चुका है। नई-नई थीम्स और लगातार हो रहे नवाचार इस क्षेत्र को एक विशिष्ट पहचान दिला रहे हैं। उन्होंने कहा कि बहुत ही कम समय में किसी भी सामान्य स्थान को भव्य रूप में बदल देना टेंट व्यवसायियों की बेहतरीन रचनात्मकता का उदाहरण है।

व्यवसायियों को मिलेगा नया मंच

उप मुख्यमंत्री ने एक्सपो के आयोजन की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विभिन्न राज्यों व शहरों के व्यवसायियों को एक ही मंच पर आकर अनुभव साझा करने और व्यापार के नए अवसर तलाशने का मौका मिलता है। इससे न केवल टेंट उद्योग का विस्तार होगा, बल्कि राज्य की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने सफल आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ टेंट ओनर वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बधाई व शुभकामनाएं दीं।