रायपुर/बिलासपुर: धरती का श्रृंगार हैं वृक्ष, प्रत्येक व्यक्ति पौधरोपण का संकल्प ले: उप मुख्यमंत्री अरुण साव
उप मुख्यमंत्री ने वन महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण की दिलाई शपथ; ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण
रायपुर/बिलासपुर (UPI24 News)। “वृक्ष धरती का श्रृंगार ही नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। जल संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण कर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।” ये बातें उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज गुरु पूर्णिमा एवं अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर आयोजित वन महोत्सव के दौरान कहीं।
वन विभाग द्वारा बिलासपुर के पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत पौधरोपण किया और उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।
‘पौधा तुंहर दुवार’ वाहन को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव ने वन विभाग की महत्वाकांक्षी योजना ‘‘पौधा तुंहर दुवार’’ वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का वितरण भी किया।
उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों और युवाओं से पौधरोपण को एक जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का सुंदर प्रतीक है।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि वन मानव जीवन और प्रकृति के संतुलन का आधार हैं। उन्होंने लोगों से अपने जन्मदिन और विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की। सीसीएफ श्री मनोज पांडे ने वन महोत्सव के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विधायक श्री दिलीप लहरिया, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, बिलासपुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, बिल्हा जनपद अध्यक्ष श्री रामकुमार कौशिक, कुलपति डॉ. विरेन्द्र कुमार सारस्वत, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे और वनमंडलाधिकारी श्री नीरज कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
