रायपुर : विश्व मंच पर छत्तीसगढ़ की बेटी का दमदार प्रदर्शन, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉल पर दी बधाई
कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक जीतने वाली ज्ञानेश्वरी यादव से मुख्यमंत्री ने की आत्मीय बातचीत; कहा – “आपने देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है”
रायपुर (UPI24 News)। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर इतिहास रचने वाली राजनांदगांव निवासी एवं छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव से वीडियो कॉल के माध्यम से आत्मीय बातचीत की। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने ज्ञानेश्वरी को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी वर्षों की कठिन साधना, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और छत्तीसगढ़ का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।
“प्रदेश के युवाओं और बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत”
मुख्यमंत्री ने बातचीत के दौरान कहा, “प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले भी आपसे मुलाकात हुई थी और आज आपकी इस शानदार सफलता पर पुनः बात करके अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। आपने अपनी मेहनत और समर्पण से न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। आपकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों और खिलाड़ियों के लिए महान प्रेरणा का स्रोत है।”
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि राज्य की प्रतिभाएं विश्व मंच पर देश का परचम लहरा सकें।
ज्ञानेश्वरी ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
ज्ञानेश्वरी यादव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के आत्मीय स्नेह, प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह आशीर्वाद और प्रदेशवासियों का प्यार उन्हें भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
गौरतलब है कि राजनांदगांव की रहने वाली ज्ञानेश्वरी यादव वर्तमान में छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर कार्यरत हैं। खेल और पुलिस सेवा दोनों ही क्षेत्रों में उनका समर्पण प्रदेश के युवाओं के लिए एक मिसाल बन चुका है।
