देश के सबसे बड़े ट्रेड फेयर “भारत व्यापार महोत्सव” के लिए सरगुजा से बस्तर तक रिकॉर्ड बिजनेस डेलीगेट पंजीयन अभियान शुरू: कैट छत्तीसगढ़ कार्यालय में 26 जिलों की ऐतिहासिक बैठक

रायपुर:

देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) द्वारा आगामी 12 से 15 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में आयोजित होने वाले “भारत व्यापार महोत्सव” में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक एवं रिकॉर्ड सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कैट प्रदेश कार्यालय, रायपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक की अध्यक्षता कैट के नेशनल वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य श्री अमर पारवानी ने की। इस बैठक में सरगुजा से लेकर बस्तर तक प्रदेश के 26 जिलों के जिला अध्यक्षों एवं प्रमुख पदाधिकारियों ने भाग लिया तथा प्रत्येक जिले से अधिकतम संख्या में बिजनेस डेलीगेट पंजीयन कराने का संकल्प लिया।


वैश्विक व्यापार और नई तकनीक से जुड़ेगा छत्तीसगढ़ का व्यापार

बैठक को संबोधित करते हुए कैट के नेशनल वाइस चेयरमैन श्री अमर पारवानी ने कहा:

“भारत व्यापार महोत्सव केवल एक ट्रेड फेयर नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक शक्ति, स्वदेशी उद्यमिता और वैश्विक व्यापार का सबसे बड़ा संगम है। यह महोत्सव देश के व्यापारियों, उद्योगपतियों, एमएसएमई (MSME), स्टार्टअप्स और युवा उद्यमियों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए व्यापारिक अवसरों का प्रवेश द्वार सिद्ध होगा।”

उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में अनेक देशों के राजदूत, अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल, वैश्विक खरीदार, निवेशक, आयातक-निर्यातक, ई-कॉमर्स कंपनियां तथा देशभर के प्रमुख व्यापारिक संगठन एक मंच पर उपस्थित रहेंगे।

व्यापारियों को मिलेंगे ये प्रमुख अवसर:

  • विश्वस्तरीय बिजनेस नेटवर्किंग और B2B बिजनेस मीटिंग्स।

  • आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ऑटोमेशन, डिजिटल कॉमर्स और आधुनिक व्यापारिक तकनीकें।

  • स्टार्टअप इकोसिस्टम, फ्रेंचाइजी मॉडल, ब्रांडिंग, ई-कॉमर्स और इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट से जुड़ी नवीनतम जानकारियां।


स्थानीय उत्पादों को “लोकल टू ग्लोबल” बनाने का मंच

  • प्रदेश अध्यक्ष श्री परमानंद जैन ने कहा कि भारत व्यापार महोत्सव छत्तीसगढ़ के व्यापारियों, उद्योगों, महिला उद्यमियों, हस्तशिल्पियों तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का सशक्त मंच बनेगा। इसके लिए हर जिले में विशेष संपर्क एवं पंजीयन अभियान चलाया जाएगा।

  • प्रदेश महामंत्री श्री अवनीत सिंह ने बताया कि जिला स्तर पर व्यापारिक संगठनों, बाजार संघों और उद्योग संगठनों के साथ व्यापक संपर्क अभियान चलाकर अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। यह अपने व्यवसाय को “लोकल टू ग्लोबल” बनाने का सुनहरा अवसर है।


बैठक में ये प्रमुख पदाधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में कैट छत्तीसगढ़ के चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमेन सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, महामंत्री अवनीत सिंह, कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी, शंकर बजाज सहित प्रदेशभर से आए 60 से अधिक प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।