स्क्रैप बिखेरने पर बीरगांव नगर निगम ने लगाया जुर्माना
बीरगांव।
नगर पालिक निगम बीरगांव के आयुक्त श्री युगल किशोर उर्वशा के निर्देशन में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 36 में कबाड़ वाहनों को डिस्मेंटल कर स्क्रैप का कारोबार करने वाले शफीक ट्रेडर्स द्वारा सड़क एवं खाली प्लॉट में स्क्रैप का कचरा फैलाए जाने पर नगर निगम की टीम द्वारा ₹5,000 का जुर्माना लगाया गया।
साथ ही संबंधित प्रतिष्ठान को 24 घंटे के भीतर सड़क एवं खाली प्लॉट में फैले स्क्रैप कचरे को हटाने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने निर्देशित किया कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वाले एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वाले व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए।
नगर निगम द्वारा नागरिकों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों से अपील की गई है कि वे अपने प्रतिष्ठान से निकलने वाले कचरे का उचित प्रबंधन करें और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का कचरा न फैलाएं, जिससे शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग मिल सके।
