रायपुर: CM विष्णुदेव साय ने अंतरराष्ट्रीय लोक कलाकार विक्रम यादव के उपचार के दिए निर्देश, संस्कृति मंत्री ने लिया हाल-चाल

रायपुर, 21 जुलाई 2026:

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार एवं बांस वादक श्री विक्रम यादव के परिजनों से दूरभाष पर चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। संस्कृति मंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके समुचित उपचार तथा आवश्यक सहायता के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने राजनांदगांव के कलेक्टर तथा मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव के वरिष्ठ चिकित्सकों से भी चर्चा की। उन्होंने डॉक्टरों को श्री विक्रम यादव के उपचार पर विशेष ध्यान देने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

“प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर हैं विक्रम यादव” – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि श्री विक्रम यादव केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं। उन्होंने अपनी बांसुरी और लोक कला के माध्यम से भारत की समृद्ध लोक परंपरा को अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाया है। मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उनकी सरकार लोक कलाकारों के सम्मान, संरक्षण और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कलाकारों ने अपनी लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में जीवन समर्पित किया है, इसलिए आवश्यकता की घड़ी में उनके साथ खड़ा होना सरकार का नैतिक दायित्व है।

राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में चल रहा है इलाज

उल्लेखनीय है कि अपनी विशिष्ट बांस वादन शैली के लिए पहचाने जाने वाले श्री विक्रम यादव लंबे समय से अस्वस्थ हैं और वर्तमान में उनका उपचार राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शासन ने त्वरित पहल करते हुए बेहतर चिकित्सा सहायता सुनिश्चित की है।