छत्तीसगढ़ पुलिस के इतिहास में पहली बार: निरीक्षक वैभव मिश्रा का बड़ा कारनामा, शूटिंग चैंपियनशिप के 3 इवेंट्स में किया क्वालीफाई
रायपुर: छत्तीसगढ़ पुलिस के रक्षित निरीक्षक (RI) वैभव मिश्रा ने निशानेबाजी (Shooting) में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने ‘नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ (NRAI) के तत्वावधान में आयोजित जी. वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप और ईस्ट ज़ोन शूटिंग चैंपियनशिप-2026 के लिए तीन अलग-अलग स्पर्धाओं में सफलतापूर्व क्वालीफाई कर लिया है।
छत्तीसगढ़ पुलिस के लगभग 26 साल के इतिहास में यह पहला मौका है, जब किसी अधिकारी ने एक साथ तीन अलग-अलग पिस्टल स्पर्धाओं में राष्ट्रीय स्तर के लिए क्वालीफाई किया है।
3 अलग-अलग इवेंट्स में दिखाया शानदार प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ राज्य राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित राइफल और पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में वैभव मिश्रा ने अपने निशानेबाजी के तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। उन्होंने निम्नलिखित तीन स्पर्धाओं में क्वालीफिकेशन हासिल किया:
-
10 मीटर एयर पिस्टल (10m Air Pistol)
-
25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल (25m Center Fire Pistol)
-
25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल (25m Sports Pistol)
ड्यूटी के साथ जारी रखा कड़ा अभ्यास
वर्तमान में रायपुर ग्रामीण में रक्षित निरीक्षक के पद पर पदस्थ वैभव मिश्रा ने पुलिस सेवा की व्यस्त और चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों के बावजूद अपने अभ्यास को कभी थमने नहीं दिया। उन्होंने सीमित समय निकालकर नियमित ट्रेनिंग ली और खुद को राष्ट्रीय स्तर की कड़ी प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया।
राष्ट्रीय स्तर पर करेंगे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व
अब निरीक्षक वैभव मिश्रा आगामी राष्ट्रीय स्तर की जी. वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप और ईस्ट ज़ोन शूटिंग चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उनकी इस अभूतपूर्व उपलब्धि से पुलिस महकमे में जश्न का माहौल है। वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों ने उन्हें इस ऐतिहासिक सफलता पर बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
