सीएमडीसी एवं जेएनएआरडीडीसी के मध्य हुआ एमओयू, क्रिटिकल मिनरल्स अनुसंधान को मिलेगा बढ़ावा
रायपुर, 17 जुलाई 2026।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “क्रिटिकल मिनरल मिशन” एवं “आत्मनिर्भर भारत” के विजन को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीएमडीसी) एवं जवाहरलाल नेहरू एल्युमिनियम अनुसंधान, विकास एवं डिजाइन केंद्र (JNARDDC), नागपुर के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता वैज्ञानिक अनुसंधान, सतत खनन, खनिज संसाधनों के मूल्य संवर्धन एवं क्रिटिकल मिनरल्स के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
यह एमओयू मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के मार्गदर्शन तथा खनिज साधन विभाग के सचिव श्री पी. दयानंद, सीएमडीसी अध्यक्ष श्री सौरभ सिंह एवं प्रबंध संचालक श्री रजत बंसल, आईएएस के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय खान ब्यूरो (IBM) के कंट्रोलर जनरल एवं जेएनएआरडीडीसी के निदेशक श्री पंकज कुलश्रेष्ठ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सीएमडीसी के अधिकारियों ने निगम की 25 वर्षों की उपलब्धियों, राज्य के खनिज विकास में उसकी भूमिका तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। साथ ही छत्तीसगढ़ में उपलब्ध खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक एवं सतत विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की गई।
जेएनएआरडीडीसी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. उपेंद्र सिंह ने बताया कि संस्थान रेड मड से गैलियम एवं वैनेडियम की रिकवरी तथा बॉक्साइट उप-उत्पादों से स्कैंडियम प्राप्त करने जैसे महत्वपूर्ण अनुसंधानों पर कार्य कर रहा है, जो देश को क्रिटिकल मिनरल्स के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि सीएमडीसी एवं जेएनएआरडीडीसी के मध्य यह सहयोग खनिज अनुसंधान, तकनीकी नवाचार, संसाधनों के बेहतर उपयोग एवं सतत खनन को नई दिशा प्रदान करेगा।
