CG Assembly: छत्तीसगढ़ विधानसभा में 10वां अविश्वास प्रस्ताव पेश; महंत का अजय चंद्राकर पर तंज- ‘लगता है दिनभर चढ़ी रहती है आपको’
रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का दूसरा दिन बेहद हंगामेदार और तीखी नोकझोंक से भरा रहा। विपक्ष ने साय सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव (No-Confidence Motion) पेश कर दिया है, जिस पर सत्र के आखिरी दिन यानी 17 जुलाई 2026 को चर्चा की जाएगी। यह राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा के इतिहास का 10वां अविश्वास प्रस्ताव है।
सदन में एक तरफ जहां जनहित के मुद्दों पर तीखे सवाल-जवाब हुए, वहीं दूसरी तरफ पक्ष-विपक्ष के नेताओं के बीच व्यक्तिगत छींटाकशी भी देखने को मिली।
“दिनभर चढ़ी रहती है आपको…” : महंत और चंद्राकर में तीखी बहस
सत्र के दौरान अविश्वास प्रस्ताव को लेकर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के बीच दिलचस्प और तीखी नोकझोंक हुई:
-
अजय चंद्राकर ने कहा: “माननीय नेता जी, अविश्वास प्रस्ताव भी दे दिए हो और प्रश्न भी पूछ रहे हैं।”
-
चरणदास महंत ने पलटवार किया: “अरे यार, आप हमेशा गड़बड़ करते हो… लगता है, दिनभर चढ़ी रहती है आपको। अविश्वास प्रस्ताव किस कारण ला रहे हैं, ये अभी बताने तो दो।”
इस मजाकिया लेकिन तल्ख टिप्पणी के बाद सदन का माहौल काफी गरमा गया।
वेदांता हादसे में 25 मौतों पर हंगामा, विपक्ष का वॉकआउट
सकती के वेदांता प्लांट हादसे में 25 लोगों की मौत का मामला प्रश्नकाल के दौरान गूंजा। विपक्ष ने इस मामले में अनिल अग्रवाल की गिरफ्तारी और जांच को लेकर सरकार को घेरा।
-
चरणदास महंत और भूपेश बघेल ने पूछा: क्या आरोपी अनिल अग्रवाल को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने प्रयास किए? क्या किसी को फायदा पहुंचाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है?
-
मंत्री लखनलाल देवांगन का जवाब: मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस विवेचना कर रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
मंत्री के इस जवाब से असंतुष्ट होकर कांग्रेस विधायकों ने सदन में जमकर नारेबाजी की और अंततः सदन से वॉकआउट कर दिया।
किसानों के मुद्दे पर विपक्ष के विधायक स्वतः निलंबित
खरीफ सीजन में डीएपी (DAP), पोटाश और खाद-बीज की किल्लत, बिजली कटौती और कालाबाजारी को लेकर कांग्रेस ने स्थगन प्रस्ताव लाया।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने विपक्ष के सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राज्य में पर्याप्त मात्रा में (14 लाख मीट्रिक टन से अधिक) उर्वरक उपलब्ध है। मंत्री के इस दावे से नाराज होकर कांग्रेसी विधायक नारेबाजी करते हुए सदन के गर्भगृह (Well of the House) में पहुंच गए, जिसके चलते नियमों के तहत वे स्वतः निलंबित हो गए। इसके बाद उन्होंने सदन के बाहर भी प्रदर्शन किया।
रायपुर जल संकट और ऐतिहासिक धरोहरों पर भी हुई चर्चा
-
अमृत मिशन पर सवाल: विधायक अजय चंद्राकर के सवाल पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि वर्ष 2016 में शुरू हुआ अमृत मिशन ₹427.37 करोड़ की लागत से 2025 में पूरा हुआ है। रायपुर के 20 वार्डों में पूर्ण और 25 वार्डों में आंशिक रूप से पेयजल की सुविधा दी गई है।
-
20 साल में पहली बार पुरातात्विक संरक्षण पर चर्चा: संस्कृति विभाग के मामलों पर चर्चा के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि सिरपुर खुदाई के अवशेष एएसआई (ASI) के पास सुरक्षित हैं और अमेरिका से ऐतिहासिक मूर्तियों को वापस लाने के लिए केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखा गया है। इसके अलावा बिलासपुर में नया संग्रहालय और मल्हार संग्रहालय का विस्तार किया जाएगा।
