रायपुर: सहकारिता से बढ़ेगी किसानों की आय, विकसित छत्तीसगढ़ की नींव होगी मजबूत: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, 3 जुलाई 2026: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को साकार करते हुए छत्तीसगढ़ की डबल इंजन सरकार किसानों, वनवासियों और ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के ‘कृषि मंडपम’ में भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन एवं सहकारी सप्ताह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं।

इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट समितियों को सहकार प्रेरणा पुरस्कार से सम्मानित किया और संग्रहण वर्ष 2023 के 7.14 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए 162 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि के वितरण का शुभारंभ किया।

गांवों तक पहुंचा सहकार का विस्तार: 1352 नई समितियां गठित

कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश की हर पंचायत को सहकारिता से जोड़ने का काम तेजी से चल रहा है। इसी कड़ी में राज्य में 1352 नई सहकारी समितियों का गठन किया गया है। 29 जून से 6 जुलाई तक मनाए जा रहे सहकारिता सप्ताह के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, वनोपज और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों को नई मजबूती दी जा रही है।

15 लाख किसानों को बिना ब्याज के मिला ₹8,000 करोड़ का ऋण

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा:

“मैं खुद एक किसान का बेटा हूं और सहकारिता से मेरा पुराना नाता है। पहले किसानों को खेती के लिए 16 से 18 प्रतिशत की भारी ब्याज दर पर कर्ज लेना पड़ता था, लेकिन आज किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और सहकारी व्यवस्था के जरिए बिना ब्याज के लोन मिल रहा है। इस वर्ष प्रदेश के 15 लाख से अधिक किसानों को 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ऋण उपलब्ध कराया गया है।”

ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ और आधुनिक सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान सहकारिता विभाग के नवीन ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ किया, जिससे अब किसानों का पंजीयन पूरी तरह से पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से ऑनलाइन हो सकेगा। इसके साथ ही उन्होंने 5 नवीन पैक्स (PACS) समितियों को माइक्रो एटीएम वितरित किए और ‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ के पांच नए उत्पादों का लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री ने महिला स्व-सहायता समूहों को लाभांश राशि और विभिन्न हितग्राहियों को केसीसी ऋण व सामग्री का वितरण किया। उन्होंने आयोजन स्थल पर नाफेड, इफको, और छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ जैसी विभिन्न संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर उनके नवाचारों की सराहना की।

वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित

इस भव्य सम्मेलन में सहकारिता सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, आयुक्त सहकारिता श्री रमेश शर्मा, अपेक्स बैंक के प्राधिकृत अधिकारी श्री केदारनाथ गुप्ता, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम सहित विभिन्न सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान व हितग्राही उपस्थित थे।