Dr. Syama Prasad Mookerjee Balidan Diwas: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्रीय स्वाभिमान के सशक्त प्रहरी: सीएम विष्णुदेव साय

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज प्रख्यात शिक्षाविद्, भारत के प्रथम उद्योग मंत्री और राष्ट्रवादी चिंतक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में सीएम साय ने डॉ. मुखर्जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले महापुरुष इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के एक सशक्त प्रहरी थे। उन्होंने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा और अपना संपूर्ण जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उनके विचार, संघर्ष और सर्वोच्च त्याग आज भी भारतीय लोकतंत्र एवं राष्ट्रवादी चिंतन की एक अमूल्य धरोहर हैं।

देश की राजनीति को दिया वैचारिक आधार मुख्यमंत्री ने डॉ. मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश की राजनीति को एक मजबूत वैचारिक आधार प्रदान किया था। राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने और देश की सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हर नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है।

आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में आदर्श हैं उनके सिद्धांत सीएम साय ने आगे कहा कि आज जब देश विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, तब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्श और सिद्धांत हमें निरंतर सही मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। उनके विचारों को आत्मसात करके ही हम राष्ट्र निर्माण के संकल्प को प्रभावी ढंग से पूरा कर सकते हैं।

इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम (CMDC) के अध्यक्ष सौरभ सिंह और राम गर्ग सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।