चीन में विनाशकारी भूकंप: 6.3 की तीव्रता से कांपा किंगहाई प्रांत, 1 की मौत और कई घायल; कोयला खदानें कराई गईं खाली
बीजिंग/शिलींगहो: उत्तर-पश्चिमी चीन का किंगहाई प्रांत (Qinghai Province) मंगलवार शाम को आए एक शक्तिशाली भूकंप के झटकों से दहल उठा। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 6.3 मापी गई है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक कम से कम एक व्यक्ति की मौत होने और 8 लोगों के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है। भूकंप का केंद्र जमीन से महज 10 किलोमीटर की गहराई पर था, जिसके चलते झटके बेहद तेज महसूस किए गए।
चीनी अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप किंगहाई प्रांत के हाईशी मंगोलियाई और तिब्बती स्वायत्त प्रान्त (Haixi Prefecture) के पहाड़ी इलाके में आया।
प्रशासन अलर्ट पर, दर्जनों आफ्टरशॉक्स ने बढ़ाई चिंता भूकंप के मुख्य झटके के बाद इलाके में लगातार कई आफ्टरशॉक्स (Aftershocks) दर्ज किए गए हैं, जिनमें से एक की तीव्रता 4.9 से अधिक मापी गई है। इसके चलते लोगों में दहशत का माहौल है। चीनी प्रशासन ने फौरन हरकत में आते हुए प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
-
खदानें कराई गईं खाली: भूकंप के केंद्र के पास स्थित सभी कोयला खदानों (Coal Mines) में काम रोककर मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
-
इमरजेंसी रिस्पांस एक्टिव: सरकार ने लेवल-IV (Level-IV Emergency Response) आपदा प्रतिक्रिया तंत्र को सक्रिय कर दिया है। आपदा प्रबंधन की टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटी हैं।
हजारों लोगों का रेस्क्यू, टूरिस्ट स्पॉट्स बंद भूकंप प्रभावित क्षेत्रों से हजारों स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों और शिक्षकों को सुरक्षित पांच अस्थाई राहत शिविरों (Makeshift Sites) में पहुंचाया गया है। प्रशासन की ओर से प्रभावितों को तंबू, कंबल, खाना और पीने का पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही, सुरक्षा के मद्देनजर इलाके के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों (Scenic Areas) को अस्थाई रूप से बंद कर पर्यटकों को पड़ोसी शहरों में शिफ्ट किया गया है।
