रायपुर: उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 5 गांवों में लगाई चौपाल, 56 लाख के विकास कार्यों की घोषणा
रायपुर, 16 जून 2026 छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा स्थानीय विधायक श्री अरुण साव ने लोरमी क्षेत्र के विकास को गति देते हुए पांच गांवों में जनचौपाल लगाई। उन्होंने खेकतरा, कुम्हरौली, मोहतरा कुर्मी, पीपरखुंटा और औराबांधा में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और क्षेत्र के लिए 56 लाख रुपए के नए विकास कार्यों की बड़ी घोषणा की।
जनचौपाल के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद कर उनके सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस मौके पर उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की साय सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों को इन सरकारी योजनाओं का बढ़-चढ़कर लाभ उठाने के लिए प्रेरित भी किया।
धार्मिक और सामुदायिक भवनों का लोकार्पण दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव ने खेकतरा में स्थित महामाया मंदिर में नवनिर्मित ‘ज्योति कलश भवन’ का लोकार्पण कर उसे ग्रामवासियों को समर्पित किया। इसके साथ ही उन्होंने औराबांधा गांव में ग्रामीणों की सुविधा के लिए बनाए गए ‘सामुदायिक भवन’ एवं ‘खाद्यान्न भंडारण भवन’ का भी विधि-विधान से लोकार्पण किया।
युवाओं को खेल के प्रति किया प्रोत्साहित ग्रामीण युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से श्री साव ने पांचों गांवों के युवा मंडलों को क्रिकेट किट प्रदान की। उन्होंने युवाओं से बात करते हुए उन्हें खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने और शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
