धमतरी के 5 हजार पीएम आवासों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, जल संरक्षण की अनूठी पहल
धमतरी।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत धमतरी जिले में निर्मित लगभग 5,000 आवासों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किया गया है। जिले ने जल संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक उल्लेखनीय पहल करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षा जल संचयन को बढ़ावा दिया है।
जानकारी के अनुसार, धमतरी जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए आवासों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं तैयार की गई हैं, जिससे वर्षा जल का संरक्षण और भू-जल स्तर में सुधार सुनिश्चित किया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा जल संरक्षण संबंधी कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा पंचायत स्तर पर भी इसके प्रति जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
धमतरी जिले ने प्रधानमंत्री आवास निर्माण में भी राष्ट्रीय स्तर पर विशेष उपलब्धि हासिल की है। जिले में औसतन मात्र 139 दिनों में प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण पूरा किया जा रहा है, जो देश में सबसे कम समय में आवास निर्माण का रिकॉर्ड माना जा रहा है।
जिले में वर्ष 2024-25 के लिए निर्धारित 83 हजार प्रधानमंत्री आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध तेजी से कार्य किया जा रहा है। अब तक हजारों आवास पूर्ण किए जा चुके हैं, जबकि शेष आवासों का निर्माण और स्वीकृति प्रक्रिया निरंतर जारी है।
प्रशासन का कहना है कि आवास निर्माण के साथ-साथ जल संरक्षण को जोड़ने से ग्रामीण परिवारों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के माध्यम से वर्षा जल का संचयन कर जल संकट की समस्या को कम करने में सहायता मिलेगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा।
जिला प्रशासन ने इस पहल को ग्रामीण विकास, जल संरक्षण और सतत संसाधन प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
