Jeevansathi.com के जरिए महिलाओं को बनाते थे शिकार, नशीला पदार्थ खिलाकर जेवर चोरी करने वाले दो अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में वैवाहिक वेबसाइट के जरिए महिलाओं को निशाना बनाकर नशीला पदार्थ खिलाने और लाखों रुपए के जेवरात चोरी करने वाले दो अंतरराज्यीय आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी उत्तराखंड और दिल्ली में दबिश देकर की गई। मामले का मुख्य आरोपी अभिनव सिंह फर्जी पहचान पत्रों का उपयोग कर महिलाओं से संपर्क करता था।

पुलिस के अनुसार खम्हारडीह क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान वैवाहिक वेबसाइट Jeevansathi.com के माध्यम से अभिनव सिंह नामक व्यक्ति से हुई थी। दोनों के बीच कई महीनों तक बातचीत होती रही। 15 मई को आरोपी जन्मदिन की पार्टी के बहाने महिला के घर पहुंचा और भोजन के दौरान खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया। महिला के बेहोश होने के बाद आरोपी उसके घर से सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्मृतिक राजनाला और मयंक गुर्जर के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। मानसी नानाभाऊ साकोरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान आरोपी हितिन नरूला को उत्तराखंड के हरिद्वार से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर मुख्य आरोपी अभिनव सिंह को दिल्ली के पहाड़गंज क्षेत्र से पकड़ा गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि घटना के दिन दोनों आरोपी रायपुर पहुंचे थे। अभिनव सिंह महिला के घर गया जबकि उसका साथी रेलवे स्टेशन पर इंतजार करता रहा। महिला को बेहोश करने के बाद अभिनव जेवर लेकर स्टेशन पहुंचा और दोनों वहां से फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 57 हजार रुपए नकद, करीब दो तोला सोने के जेवरात, एक चांदी का ब्रेसलेट तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4.21 लाख रुपए आंकी गई है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अभिनव सिंह पिछले एक महीने में करीब 100 महिलाओं से ऑनलाइन संपर्क कर चुका था। पुलिस विभिन्न राज्यों में इस तरह की अन्य घटनाओं की भी जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ दिल्ली और उत्तराखंड में धोखाधड़ी, चोरी तथा वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।

पुलिस ने आमजन, विशेषकर महिलाओं से ऑनलाइन वैवाहिक वेबसाइटों के माध्यम से संपर्क करने वाले व्यक्तियों की पहचान का सत्यापन करने और व्यक्तिगत मुलाकातों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। साथ ही इस प्रकार की किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा है।

रायपुर पुलिस ने ऐसी किसी भी पीड़ित महिला से संपर्क करने की अपील की है, जो इस प्रकार की ठगी या अपराध का शिकार हुई हो। इसके लिए पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 94791-91099 पर संपर्क किया जा सकता है।

You may have missed