महंगाई की दोहरी मार: CNG की कीमतें ₹80/किलो के पार; पेट्रोल-डीजल के दामों में भी फिर लगी आग
नई दिल्ली: देश में आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। ईंधन की कीमतों में हो रही ताबड़तोड़ बढ़ोतरी ने आम आदमी के बजट को पूरी तरह से बिगाड़ कर रख दिया है। पिछले 48 घंटों के भीतर देश के प्रमुख शहरों में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG की कीमतें) ₹80 प्रति किलोग्राम के ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर गई हैं। यह दो दिनों के भीतर सीएनजी की दरों में लगातार दूसरी बढ़ोतरी है, जिससे ऑटो, कैब चालकों और रोज सफर करने वाले आम यात्रियों पर सीधा आर्थिक असर पड़ा है।
आम जनता को एक और झटका: पेट्रोल-डीजल फिर हुए महंगे
सीएनजी के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को भी बड़ा झटका लगा है। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में आ रहे उतार-चढ़ाव के बीच, सरकारी तेल कंपनियों ने मंगलवार सुबह पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें आज सुबह 6 बजे से लागू हो चुकी हैं।
एक ही हफ्ते में लगा दूसरा बड़ा झटका
ईंधन की कीमतों में आई यह तेजी कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले बीते 15 मई को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगभग ₹3 प्रति लीटर की भारी वृद्धि की गई थी। एक ही हफ्ते के भीतर ईंधन दरों में यह दूसरा बड़ा इजाफा है, जिसने मिडिल क्लास और ट्रांसपोर्ट सेक्टर की कमर तोड़ दी है।
लगातार बढ़ते दामों के कारण अब माल ढुलाई (Transportation Cost) महंगी होने की आशंका है, जिसका सीधा असर आने वाले दिनों में फल, सब्जियों और अन्य जरूरी राशन के सामानों की कीमतों पर देखने को मिल सकता है।
