रायपुर उत्तर में विकास को मिली रफ्तार, 60 लाख के निर्माण कार्यों का शुभारंभ
रायपुर, 25 अप्रैल 2026
रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक पुरंदर मिश्रा ने लगभग 60 लाख रुपये के अधोसंरचना विकास कार्यों की शुरुआत की। नगर निगम जोन क्रमांक 4 अंतर्गत पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड और सिविल लाइन वार्ड में कुल 6 स्थानों पर सीसी रोड, नाली एवं पुलिया निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा ने नारियल फोड़कर और कुदाल चलाकर निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसी दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

दोनों वार्डों में लगभग 30-30 लाख रुपये की लागत से ये कार्य संपन्न होंगे, जिससे स्थानीय नागरिकों को आवागमन और जल निकासी जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी, लोक कर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल, सिविल लाइन वार्ड पार्षद एवं एमआईसी सदस्य संजना संतोष हियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। क्षेत्रवासियों ने इन विकास कार्यों के लिए विधायक पुरंदर मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
